Suzuki Hayabusa Discontinued: भारत में Suzuki Hayabusa 90 के दशक के कई युवाओं की ड्रीम बाइक हुआ करती थी। फिलहाल इस सुपरबाइक को चाहने वालों के लिए बुरी खबर है, कि करीब दो दशक तक मार्केट में रहने के बाद कंपनी ने इस सुपरबाइक को बंद कर दिया है। Suzuki Hayabusa का सफर अब तक किसी भी बाइक के लिए मार्केट में सबसे लंबा सफर रहा है। भारत में इस बाइक को धूम बाइक के नाम से जाना जाता था।
Suzuki Hayabusa बाइक वर्तमान में अपनी दूसरी पीढ़ी में थी, जिसे 2007 में कुछ बदलाव के साथ लॉन्च किया गया था। हालांकि 2007 के बाद से बाइक को कोई बड़ा अपडेट नहीं मिला था। लिसके पीछे बड़ा कारण इस बाइक का पहले से ही स्टाइलिश डिजाइन और दमदार इंजन था। हालांकि कंपनी ने इसमें समय समय पर कलर और ग्राफिक्स को जरूर जोड़ा था।
इस बाइक का नया वर्जन दिसंबर 2019 में भी लॉन्च किया गया था, जिसके चलते यह अंदाजा लगाया जा रहा था कि इसे कंपनी बीएस6 कंम्पलाइंट इंजन से लैस कर लॉन्च करेगी। हालाँकि Suzuki ने इसके BS4 वर्जन को ही कुछ कलर अपडेट और नए ग्राफिक्स के साथ लॉन्च किया। अगर आप इस बाइक को खरीदना चाहते हैं तो महज स्टॉक खाली होने तक यह सुपरबाइक मार्केट में उपलब्ध है। कीमत की बात करें तो, वर्तमान में इसकी कीमत 13.80 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई था। जो इसे सबसे सस्ती 1.3-लीटर बाइक बनाता है। हायाबुसा की भारतीय बाजार में टक्कर Kawasaki Ninja ZX-10R से होती है।
इस बाइक में 1340cc का चार सिलिंडर युक्त लिक्विड-कूल्ड इंजन लगा है जो 197bhp की अधिकतम पॉवर और 155 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करने में सक्षम है। ये बाइक महज 2.6 सेकेंड में ही 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार पकड़ने में सक्षम है। Hayabusa स्पीड के मामले में किसी रॉकेट से कम नहीं है, बता दें, यह 300 किमी प्रति घंटे की स्पीड से भी आगे जा सकती है। हालांकि सुरक्षा कारणों से बाइक की टॉप स्पीड 299 किमी प्रति घंटे तक सीमित है। इस बाइक को बनाने के लिए जापान से इसके पार्टस को आयात किया गया था। हालांकि कंपनी ने अब आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि सुजुकी ने वर्तमान पीढ़ी के हायाबुसा के उत्पादन को बंद कर दिया है। लेकिन यह अभी भी कुछ देशों में बिक्री के लिए उपलब्ध होगी।

