पॉवरफुल बाइक्स के क्षेत्र में भारत में हाल के समय तक आइशर मोटर्स की Royal Enfield का ही दबदबा रहा है। लेकिन बीते साल जावा बाइक के भारत में दस्तक देने के साथ ही रॉयल एनफील्ड की बिक्री में अपेक्षाकृत गिरावट दर्ज की गई है। वहीं जावा बाइक की बुकिंग करीब एक साल तक के लिए फुल है। अब एक अन्य खबर से पता चला है कि रॉयल एनफील्ड अपने कर्मचारियों की हड़ताल के कारण प्रोडक्शन में कमी से जूझ रही है। दरअसल कंपनी के चेन्नई स्थित ओरगादम प्लांट में कर्मचारियों ने पिछले करीब एक हफ्ते से हड़ताल की हुई है। इस हड़ताल का असर ये हुआ है कि कंपनी के प्रोडक्शन में गिरावट आयी है। मनी कंट्रोल की एक खबर के अनुसार, यह गिरावट इतनी बड़ी है कि कंपनी में अपेक्षाकृत 3000 यूनिट बाइक्स का प्रोडक्शन कम हो रहा है।
वहीं दूसरी तरफ, आइशर मोटर्स अपने ब्रांड Interceptor 650 और Continental GT 650 के प्रोडक्शन में तेजी लाना चाहती है। लेकिन हड़ताल के चलते ऐसा नहीं हो पा रहा है। रॉयल एनफील्ड ने वित्तीय वर्ष 2019 में अपने प्रोडक्शन में पहले ही 25,000 यूनिट की कमी करने का फैसला किया है। दरअसल इसका कारण बीते साल सितंबर में भी रॉयल एनफील्ड कंपनी को हड़ताल का सामना करना पड़ा था। यह हड़ताल 50 दिनों तक चली थी। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों की डिमांड है कि जिन कर्मचारियों ने 480 दिन काम कर लिया है, उन्हें नियमित कर दिया जाए। बता दें कि साल 2012 में मद्रास हाईकोर्ट ने अपने एक फैसले में कहा था कि 24 कैलेंडर महीने के दौरान 480 दिन लगातार काम करने वाले कर्मचारी को नियमित कर्मचारी का स्टेटस दिया जाना चाहिए।
अदालत के इसी फैसले के चलते रॉयल एनफील्ड के कर्मचारी भी नियमित करने की मांग कर रहे हैं। साथ ही कर्मचारी बोनस की भी मांग कर रहे हैं। बता दें कि चेन्नई के ओरगादम प्लांट में कुल 5,559 कर्मचारी हैं। जिनमें से 1059 नियमित कर्मचारी, 2000 कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी, 1000 ट्रेनी कर्मचारी और 1500 NEEM योजना के तहत आने वाले ट्रेनी कर्मचारी शामिल हैं।
