Royal Enfield Sales in November: देश की प्रमुख परफॉर्मेंस बाइक निर्माता कंपनी Royal Enfield ने हाल ही में बाजार में अपनी सबसे सस्ती बाइक Bullet 350X और Classic 350 के भी सस्ते वैरिएंट को लांच किया था। लेकिन ये सस्ते बाइक्स भी ग्राहकों को आकर्षित करने में नाकाम ही साबित हुए हैं। कंपनी द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार बीते नवंबर महीने में कंपनी की बिक्री में 10 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
बीते नवंबर महीने में कंपनी ने कुल 58,292 बाइक्स की बिक्री की है। वहीं पिछले साल के इसी महीने में कंपनी ने कुल 65,026 बाइक्स की बिक्री की थी। पिछले महीने भी कंपनी की घरेलु बिक्री में तकरीबन 22 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली थी। पिछले सितंबर महीने में कंपनी ने महज 54,858 यूनिट्स की बिक्री की थी और अगस्त महीने में महज 48,752 यूनिट्स के साथ 28 प्रतिशत की गिरावट देखी गई थी।
बीते कुछ महीनों से Royal Enfield की बिक्री में लगातार गिरावट देखी जा रही है। कंपनी के पोर्टफोलियो में बुलेट, क्लॉसिक, थंडरबर्ड, हिमालयन, कॉटिनेंटल जीटी, इंटरसेप्टर जैसी बाइक्स शामिल हैं। खबर है कि कंपनी भारतीय बाजार में जल्द ही इलेक्ट्रिक बाइक भी पेश करने वाली है। हालांकि अभी इस बाइक के बारे में कोई तकनीकी जानकारी साझा नहीं की गई है।
घरेलु बिक्री में कंपनी भले ही पीछे रह गई हो लेकिन निर्यात बाजार में बड़ी उछाल भरी है। कंपनी की निर्यात बाजार 195 प्रतिशत तक बढ़ गया है। बीते नवंबर महीने में कंपनी ने 2,119 यूनिट्स की बिक्री की है वहीं पिछले साल नवंबर महीने में कंपनी ने महज 718 बाइक्स को निर्यात किया था। बहरहाल, कंपनी सकल बिक्री (घरेलु + निर्यात) में 8 प्रतिशत की गिरावट हुई है। कंपनी ने इस महीने कुल 60,411 बाइक्स बेची हैं जो कि पिछले साल के नवंबर महीने में 65,744 बाइक्स थीं।

