Mahindra Tuv300: देश में नए मानकों के लागू होने से कई वाहनों को भारतीय मार्केट से बंद कर दिया गया है। इसी क्रम में महिंद्रा की एसयूवी TUV300 भी शामिल हो सकती है। बता दें, देश की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने भारत में 2015 यानी 5 साल पहले इस कार को बाजार में पेश किया था। जिसके बाद बीते साल फेसलिफ्ट मॉडल को लॉन्च किया था। फिलहाल इस कार के बीएस6 वर्जन को लेकर कोई अपडेट नहीं मिला है, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है, कि इस कार को कंपनी लाइनअप से बंद कर सकती है।
बता दें, महिंद्रा लगभग सभी गाड़ियों के बीएस6 वर्जन को पहले ही उतार चुकी है। महिंद्रा TUV300 की बात करें तो यह ग्रामीण और कस्बों के लिए कंपनी का सबसे स्टाइलिश SUV मॉडल है। यह कार कीमत में बोलेरो के ठीक उपर स्लॉट की गई है। वहीं वर्तमान में महिंद्रा के पास तीन बीएस6 सब-4 मीटर एसयूवी महिंद्रा एक्सयूवी 300, केयूवी 100 और बोलेरो मौजूद हैं। महिंद्रा टीयूवी 300 के बीएस4 वर्जन की कीमत 8.43 लाख रुपये से शुरू होती है, इस कार में डीजल इंजन के साथ मैनुअल ट्रांसमिशन का विकल्प मिलता है।
हाल ही में महिंद्रा की दमदार एसयूवी Scorpio को भी टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जिसके भारत में जल्द लॉन्च होने की संभावना है। नई महिंद्रा स्कोर्पियो में BS6 कंम्प्लाइंट 2.2 लीटर का mHawk डीजल इंजन मिलेगा। जो 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स से लैस होगा। यह मोटर 138bhp की पीक पावर और 320Nm का टॉर्क प्रदान करने में सक्षम होगा। इसके अलावा इस SUV में एक नया 1.5L TGDI mStallion पेट्रोल इंजन भी मिलेगा जिसे 2020 ऑटो एक्सपो में पेश किया गया था। यह इंजन 160bhp की पावर और 280Nm टार्क जनरेट करने में सक्षम होगा।
इसके अलावा महिंद्रा की थार को भी इस महीनें के अंत तक भारतीय बाजार में लॉन्च किया जाएगा। नई थार में पहली बार कंपनी ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का विकल्प देगी। 2020 Mahindra Thar को BS6 कंम्पलाइंट 2.2 लीटर डीजल और नए 2.0L mStalion पेट्रोल इंजन के साथ पेश किया जाएगा।