Mahindra Upcoming Electric Cars in Auto Expo 2020: देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा इस बार के ऑटो एक्सपो में अपने इलेक्ट्रिक वाहनों के विस्तृत रेंज को पेश करने जा रहा है। कंपनी ने अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर इस बात की जानकारी साझा की है। Auto Expo 2020, कई मायनों में बेहद खास रहेगा, इस बार के मोटर में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहनों पर सबकी निगाहें रहेंगी।
Mahindra ने अपने ट्वीटर हैंडल पर एक तस्वीर साझा की है, जिसमें चार इलेक्ट्रिक वाहनों दिखाया गया है। कंपनी इस बार के मोटर शो में अपने 18 नए वाहनों को प्रदर्शित करेगी। जिसमें नए मॉडलों के अलावा मौजूदा वाहनों के फेसलिफ्ट संस्करण भी शामिल होंगे। इसके अलावा इनमें इलेक्ट्रिक वाहनों को भी शामिल किया गया है।
कंपनी के इस टीजर कैंपेन में महिंद्रा के फ्लैगशिप मॉडल XUV500, XUV300 और KUV100 को इलेक्ट्रिक अवतार में दिखाया गया है। जानकारी के अनुसार कंपनी अपने XUV500 के इलेक्ट्रिक मॉडल को इस साल के अंत तक बाजार में बिक्री के लिए पेश कर देगी। इसके अलावा कंपनी ने पहले ही XUV300 के इलेक्ट्रिक संस्करण की घोषणा कर दी है।
एशिया के इस सबसे बड़े मोटर शो में कंपनी इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ ही अपने मॉडलों के नए BS6 वर्जन को भी पेश करेगी। कंपनी का दावा है कि इस बार Mahindra भारतीय वाहन निर्माताओं द्वारा पेश किए जाने वाले सबसे बड़े इलेक्ट्रिक व्हीकल रेंज को दुनिया के सामने उतारेगी। कंपनी इस बार के ऑटो एक्सपो में हॉल नंबर 10 में अपने स्टॉल पर इन सभी वाहनों से पर्दा उठाएगी।
बता दें कि Auto Expo 2020 का आयोजन आगामी 7 फरवरी से लेकर 12 फरवरी तक किया जाएगा। ये आयोजन ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में होगा। इसके अलावा सरकार के निर्देशानुसार आगामी 1 अप्रैल 2020 से पहले सभी वाहन निर्माताओं को नए मानकों के अनुसार BS6 वाहनों को भी पेश करना होगा। क्योंकि 1 अप्रैल से केवल BS6 वाहनों की ही बिक्री की अनुमति होगी। इसलिए उम्मीद है कि कंपनी अपने ज्यादातर मॉडलों को अपडेट कर ऑटो एक्सपो में पेश करेगी।