Mahindra Treo, महिंद्रा ने भारत में पहला 3 व्हीलर ऑटो लॉन्च कर दिया है। इसे पहली बार ऑटो एक्सपो 2018 में देखा गया था। इसके बाद इसे सितंबर में मूव मोबिलिटी समिट 2018 में पेश किया गया था। अब कीमत की बात करें तो महिंद्रा ट्रिओ की कीमत 1.36 लाख रुपए है। यह कीमत ट्रिओ यारी ई-रिक्शा की है। वहीं महिंद्रा ट्रिओ ऑटो की कीमत 2.22 लाख रुपए है। ट्रिओ को मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है और यह ई रिक्सा और ऑटो दोनों में उपलब्ध होगा। महिंद्रा इलेक्ट्रिक के सीईओ ने कहा कि इससे मालिक को 20 फीसदी ज्यादा बचत होगी।

महिंद्रा ट्रिओ में लिथियम आयन बैटरी दी गई हैं। इन बैट्रीज की लाइफ 5 साल तक की है। वहीं एक बार फुल चार्ज होने पर यह बैटरी 130 किलोमीटर तक का बैकअप देंगी। कंपनी का दावा है कि इन्हें 4 घंटे से भी कम समय में फुल चार्ज किया जा सकता है। साथ ही कंपनी ने कहा कि ट्रिओ को केवल 2 घंटे चार्ज करके करीब 85 किलोमीटर तक चलाया जा सकता है। कंपनी ने कहा कि इसका सबसे बड़ा फायदा तो यही है कि इससे प्रदूषण नहीं होगा। इंडिया इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की तरफ शिफ्ट हो रहा है, तो पहले फोकस पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर है उसके बाद पर्सनल व्हीकल पर फोकस किया जाएगा।

महिंद्रा ट्रिओ के कंपनी ने 4 वेरिएंट लॉन्च किए हैं। इसमें मार्केट में मौजूद ऑटो से बड़ा केबिन दिया गया है। कंपनी ने कहा है कि इसमें सेफ्टी का भी पूरा ख्याल रखा गया है। इसमें रियर में पहले से ही क्रैश गार्ड दिया गया है। इसमें डिजिटल मीटर दिया गया है। इसमें बैटरी का रियल टाइम डेटा मिलता रहेगा। इसके टॉप वेरिएंट में हार्ड टॉप का ऑप्शन भी दिया गया है। यह ऑप्शनल है, मतलब यह आप पर निर्भर करेगा कि आपको हार्ड टॉप लेनी है या नहीं। सबसे खास बात कि महिंद्रा ट्रिओ की 24 महीने या 50,000 किलोमीटर की वॉरंटी है। महिंद्रा इलेक्ट्रिक ने ‘भारत का पहला इलेक्ट्रिक टेक्नोलॉजी विनिर्माण केंद्र’ स्थापित किया और इसके बाद बेंग्लुरू प्लांट में 100 करोड़ रुपये का निवेश कर इसका विस्तार किया। अब महिंद्रा इलेक्ट्रिक प्लांट की क्षमता 5 गुना बढ़ गई है। अब यहां 25,000 इलेक्ट्रिक वाहन तैयार किए जा सकते हैं।