Mahindra eKUV100 Price, Features: देश की प्रमुख एसयूवी वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा भारतीय बाजार में देश की पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी Mahindra eKUV100 को पेश करने जा रही है। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर इस बात की पुष्टी की है कि इस एसयूवी को इस साल के मध्य तक लांच किया जाएगा। इसके बाद कंपनी अपनी हालिया लांच एसयूवी एक्सयूवी 300 के इलेक्ट्रिक संस्करण को भी बाजार में उतारेगी।

आपको बता दें कि, कंपनी ने अपनी इलेक्ट्रिक eKUV100 को बीते साल आॅटो एक्सपो में प्रदर्शित किया था। इस शो के दौरान कंपनी ने एक ​इलेक्ट्रिक बस को भी प्रदर्शित किया था। बहरहाल, नई इलेक्ट्रिक KUV100 डिजाइन के मामले में अपने रेग्यूलर मॉडल जैसी ही होगी। कंपनी केवल इसके मैकेनिज्म और तकनीक में बदलाव करेगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस एसयूवी में इलेक्ट्रिक वेरिटो के ही पावरट्रेन का प्रयोग किया गया है। इसमें 3 फेस एसी इंडक्शन और 31 किलोवॉट का मोटर लगाया गया है। इस एसयूवी में lithium-ion बैटरी का प्रयोग किया गया है। जो कि सिंगल चार्ज में तकरीबन 140 से 150 किलोमीटर तक का सफर करने में सक्षम होगी। इसके अलावा ये एसयूवी महज 1 घंटे में ही 80 प्रतिशत तक चार्ज हो सकेगी।

Mahindra eKUV100 में कैबिन प्री-कूलिंग, लोकेशन ट्रैकिंग और रिमोट डायग्नोस्टिक्स जैसे फीचर्स मिलेंगे। इलेक्ट्रिक केयूवी100 की कीमत इसके पेट्रोल और डीजल वर्जन से ज्यादा होगी। हालांकि इस एसयूवी की कीमत के बारे में अभी कोई सटीक जानकारी नहीं दी जा सकती है। लेकिन जानकारों का मानना है कि इसकी कीमत 8 से 10 लाख रुपये के बीच में होनी चाहिए।