रॉयल एनफील्ड की बात होती है तो उसके दीवानों के चेहरे पर मुस्कराहट आ ही जाती है। आज हम बात कर रहे हैं Royal Enfield Bullet 350 के दो शुरूआती मॉडल्स की। हम यहां बता रहे हैं कि कैसे ये दोनों मॉडल एक दूसरे से अलग हैं। किस मॉडल की क्या खूबियां हैं। क्यों यह अपने चाहने वालों को लुभाते हैं। सबसे पहले इनके नाम के मुताबिक ही बात करते हैं तो सबसे बड़ा जो अंतर है वो इंजन स्टार्ट करने का है। Bullet 350 KS केवल किक स्टार्ट के साथ आती है, वहीं Bullet 350 ES इलेक्ट्रिक स्टार्ट और किक स्टार्ट फीचर के साथ आती है। इसके अलावा इन दोनों बाइकों के इलेक्ट्रिकल्स, कर्ब वेट कलर ऑप्शन और कीमत में भी अंतर हैं।
Royal Enfield Bullet 350 KS में 12 वोल्ट का AC/DC (सिंगल फेस) इलेक्ट्रिकल सिस्टम दिया गया है, इसके साथ ही इसमें 12वोल्ट-5 Ah की बैटरी दी गई है। वहीं Royal Enfield Bullet 350 ES में 12 वोल्ट DC (थ्री फेस) इलेक्ट्रिकल सिस्टम दिया गया है इसमें 12 वोल्ट- 8Ah की एसिड बैटरी दी गई है। Royal Enfield Bullet 350 KS का 90 फीसदी फ्यूल और ऑयल के साथ वजन 185 किलोग्राम है। वहीं Bullet 350 ES का वजन 90 फीसदी फ्लूय और ऑयल के साथ 189 किलोग्राम है।
Royal Enfield Bullet 350 KS 4 कलर वेरिएंट में आती है। इसमें ब्लैक, बुलेट सिल्वर, सेफायर ब्लू और ऑनिक्स ब्लैक हैं। वहीं Bullet 350 ES 5 कलर ऑप्शन में आती है। इसमें मरूम, सिल्वर, जेट ब्लैक रीगल रेड और रॉयल ब्लू शामिल हैं। दोनों बाइक्स की कीमत की बात करें तो Royal Enfield Bullet 350 KS की एक्स शोरूम कीमत 1.12 लाख रुपए और Royal Enfield Bullet 350 ES की एक्स शोरूम कीमत 1.27 लाख रुपए है।
इंजन की बात करें तो दोनों के इंजन में कोई अंतर नहीं है और न ही इनके चेसिस, सस्पेंशन, ब्रेक्स और टायर में कोई अंतर है। Bullet 350 KS और Bullet 350 ES में 346CC का एयर कूल्ड, 4 स्ट्रोक इंजन दिया गया है। इनमें लगा सिंगल सिलेंडर इंजन 19.8bHP की पावर जेनरेट करता है। वहीं इसका टॉर्क 28 न्यूटन मीटर का है। इनमें 5 स्पीड का गियर बॉक्स दिया गया है।