Honda Three Wheel Bike NeoWing: जापानी वाहन निर्माता कंपनी होंडा अब एक नए सेग्मेंट की शुरूआत करने जा रही है। कंपनी बहुत जल्द बाजार में थ्री व्हील बाइक को पेश करेगी। इसके लिए होंडा ने अपनी नई बाइक ‘Honda NeoWing’ का पेटेंट भी करा लिया है। कंपनी ने सन 2016 में यूरोपियन पेटेंट ऑफिस में इस बाइक के लिए अर्जी दी थी जो कि अब स्वीकार कर ली गई है।
Honda NeoWing को कंपनी ने बतौर कॉन्सेप्ट 2015 में टोक्यो मोटर शो में पेश किया था। इस बाइक में तीन पहियों का इस्तेमाल किया गया है। जिसमें से दो पहिए पीछे की तरफ और एक पहिए को आगे लगाया गया है। इस बाइक की सबसे बड़ी विशेषता ये होगी कि आप इसे बड़े ही आसानी से ज्यादा से ज्यादा एंगल तक साइड में नीचे की तरफ झुक सकेंगे। इसके अलावा इस बाइक के गिरने का भी कोई डर नहीं होगा।
हालांकि अभी इस बाइक में कंपनी किस इंजन का प्रयोग करेगी इस बारे में आधिकारिक रुप से कोई घोषणा नहीं की गई है। लेकिन जानकारों का मानना है कि कंपनी इस थ्री व्हील बाइक में गोल्डविंग बाइक का इंजन प्रयोग कर सकती है। बता दें कि, गोल्डविंग में कंपनी ने 1833cc की क्षमता का इंजन प्रयोग किया है। इसके अलावा कंपनी कम इंजन क्षमता वाली थ्री व्हील बाइक के प्रोजेक्ट पर भी काम कर रही है।
बेहद ही आकर्षक लुक और दमदार इंजन क्षमता से सजी इस थ्री व्हील बाइक में कंपनी ने कई शानदार फीचर्स को शामिल किया है। इसमें किसी क्रूजर बाइक की तरह सीट्स दिए गए हैं, जो कि लांग ड्राइव के दौरान आरामदेह सफर प्रदान करेंगे। इसके अलावा इसमें LED लाइट्स, अलॉय वीइल्स और डबल बैरल एग्जॉस्ट यानी कि साइलेंसर का प्रयोग किया गया है।
आपको याद दिला दें कि ऐसी ही एक थ्री व्हील बाइक कॉन्सेप्ट को जापानी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी यामहा ने भी पेश किया था। यामहा की इस बाइक को आसानी से 45 डिग्री तक झुकाया जा सकता है। इस बाइक में कंपनी ने 874cc की क्षमता का इंजन प्रयोग किया है, जो कि 111.8bhp की पावर और 87.5Nm का टॉर्क जेनरेट करती है। हालांकि होंडा की इस आने वाली थ्री व्हील बाइक ‘Honda NeoWing’ को बाजार में बिक्री के लिए कब पेश किया जाएगा इसके बारे में आधिकारिक रूप से कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।