भारतीय दोपहिया बाजार में जितनी उम्मीद थी उस हिसाब से ग्रोथ देखने को नहीं मिली है। इस वित्तीय वर्ष में देश का दोपहिया बाजार ने महज 5 प्रतिशत तक ही वृद्धी दर्ज की है। इस साल देश में कुल 2.11 करोड़ दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई है। जिसमें बाइक्स और स्कूटर दोनों शामिल हैं। वहीं दुनिया की सबसे ज्यादा बेची जाने वाली बाइक Hero Splendor को बिक्री के मामले में Honda Activa ने पछाड़ दिया है।

इस वित्तीय वर्ष में हीरो मोटो कॉर्प ने देश में कुल 76,12,775 वाहनों की बिक्री की है। जिसमें कंपनी की बेस्ट सेलिंग बाइक रही है Hero Splendor, इस दौरान कंपनी ने पूरे साल में 30,05,618 स्पलेंडर बाइकों की बिक्री की है। वहीं हीरो की सबसे निकटतम प्रतिद्वंदी होंडो टू व्हीलर्स इंडिया ने इस साल देश में कुल 55,20,617 दोपहिया वाहनों की बिक्री की है। जिसमें कंपनी ने सबसे ज्यादा 30,08,334 यूनिट्स Honda Activa की बिक्री की है, जो कि हीरो स्पलेंडर से भी ज्यादा है।

वहीं इस साल बिक्री के मामले में TVS Motors तीसरे पायदान पर है, कंपनी ने इस वित्तीय वर्ष के दौरान देश में कुल 31,36,532 यूनिट्स दोपहिया वाहनों की बिक्री की है। जिसमें कंपनी की बेस्ट सेलिंग वाहन रही है TVS XL Super, कंपनी ने इस मोपेड के कुल 8,80,243 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की है।

इस वित्तीय वर्ष में सबसे बड़ी गिरावट महिंद्रा टू व्हीलर्स ने दर्ज की है। पिछले वित्तीय वर्ष के मुकाबले महिंद्रा टू व्हीलर्स की बिक्री में 72.9 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है। पिछले साल के 14,752 यूनिट्स के मुकाबले कंपनी ने इस साल महज 4,004 दोपहिया वाहनों की बिक्री की है।

बहरहाल, जिस तरह से Honda Activa लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है। उसे देखते हुए ये कहा जा सकता है कि देश में स्कूटर सेग्मेंट की डिमांड काफी तेजी से बढ़ रही है। जहां Honda Activa इस साल की बेस्ट सेलिंग स्कूटर रही वहीं 7,88,456 यूनिट्स के साथ TVS Jupiter दूसरे पायदान पर है। बता दें कि, Hero दुनिया की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी है और Splendor इसकी सबसे ज्यादा बेची जाने वाली बाइक है।