Royal Enfield Electric Bullet Photon: इलेक्ट्रिक वाहनों की डिमांड दुनिया भर में तेजी से बढ़ रही है। हाल के दिनों में भारतीय बाजार में भी Baja Chetak और Revolt RV 400 जैसे इलेक्ट्रिक वाहनों को पेश किया गया था। लेकिन क्या आपने कभी इलेक्ट्रिक Royal Enfield Bullet के बारे में सोचा है। आज हम आपको अपने इस लेख में रॉयल एनफील्ड के दमदार बुलेट के इलेकट्रिक अवतार के बारे में बताएंगे।
Royal Enfield की इस इलेक्ट्रिक Bullet में न्यूटन बेस्ड इलेक्ट्रिक क्लासिक कार की बैटरी का इस्तेमाल किया गया है। इसमें प्रयोग किया गया 14Kw की क्षमता का इलेक्ट्रिक मोटर 15.6 bhp की पावर और 300Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। दावा है कि यह बाइक सिंगल चार्ज में 128 किलोमीटर तक का ड्राइविंग रेंज प्रदान करती है। इसके अलावा इसकी टॉप स्पीड 112 किलोमीटर प्रतिघंटा है।
इस इलेक्ट्रिक बाइक के डिजाइन और फ्रेम में कुछ खास बदलाव नहीं किया गया है। देखने में यह बिल्कुल Bullet जैसी ही है। हालांकि जब आप इसे ड्राइव करते हैं तो एक बात जो सबसे ज्यादा गौर करने वाली है वो है इसकी आवाज। दरअसल, यह बाइक बिल्कुल भी आवाज नहीं करती है और न ही इसमें वाइब्रेशन ही है। इसमें अगले पहिए में 280mm और पिछले पहिए में 240mm का डिस्क ब्रेक प्रयोग किया गया है।
क्या है कीमत: Royal Enfield की इलेक्ट्रिक Photon न केवल ड्राइविंग और स्पीड में शानदार है बल्कि इसकी कीमत भी काफी उंची है। इसकी कीमत 20,000 पाउंड तय की गई है यानी की तकरीबन 18.9 लाख रुपये भारतीय मुद्रा। इतनी बड़ी कीमत में शायद आप एक लग्जरी कार खरीद सकते हैं लेकिन इलेक्ट्रिक रॉयल एनफील्ड बुलेट की सवारी भी अपने आप में बेहद ही खास है।
