पिछले साल भारत में लागू किए गए नए मोटर व्हीकल एक्ट के बाद वाहन चालकों ने विभिन्न तरीकों से इसका विरोध किया। जिसमें पुलिस द्वारा चालान जारी करने के बाद एक युवक द्वारा अपनी मोटरसाइकिल को आग लगाने वाली घटना भी सामने आई। इसी तरह की एक घटना आज यानी 3 जनवरी को दिल्ली में हुई जिसके बाद युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विकास नाम के युवक को सावित्री सिनेमा के पास बिना हेलमेट के देखा जिसके बाद उसे रुकने को कहा। युवक के रुकने पर पुलिस ने विकास को चालान रसीद सौंप दी जिससे युवक तिलमिला उठा। विकास ने मौके पर पुलिस के साथ बहस की और जब पुलिस ने उसकी बात नहीं मानी, तो उसने बाइक पर ईंधन डाला और आग लगा दी।

घटना के बाद विकास के खिलाफ C R Park पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने उन युवाओं को भी गिरफ्तार किया है जिन्होंने इस घटना पर गुस्सा दिखाया और पुलिस को अपना काम करने से रोका। हालांकि इस बात की जानकारी अभी नहीं मिल पाई है कि विकास के पास मोटरसाइकिल के सभी दस्तावेज थे या नहीं। बता दें, विकास एक फूड डिलीवरी एजेंट के रूप में काम करता है। लेकिन पुलिस ने अभी यह नहीं बताया है कि वह घटना के समय ड्यूटी पर था या नहीं।

नया मोटर व्हीकल एक्ट पिछले साल पूरे भारत में लागू किया गया था। जिसमें वाहन चालकों की चालान राशि को बढ़ा दिया गया था। जिसके पीछे लोगों को ट्रैफिक नियमों न तोड़ने की सीख देना बड़ा कारण था। कई राज्यों में नए नियमों को अभी तक भी लागू नहीं किया है। हालांकि उच्च जुर्माना वसूलने के बाद भी भारत दुनिया के सबसे खतरनाक देशों में से एक बना हुआ है। जहां हर महीने हजारों दुर्घटनाएँ होती हैं।