BS6 Mahindra Bolero Price & Features: देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी Mahindra घरेलू बाजार में अपनी लोकप्रिय (MPV) मल्टी परपज व्हीकल Mahindra Bolero को नए BS6 इंजन के साथ अपडेट कर बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है। हाल ही में इसे टेस्टिंग के दौरान पहली बार स्पॉट किया गया है। कंपनी इसे बिल्कुल नए अंदाज में लांच करेगी। कंपनी ने इसमें न केवल अपडेटेड इंजन का प्रयोग किया है, बल्कि इसके डिजाइन में भी खासा बदलाव किया है।

कंपनी ने इसके पहले भी कहा कि, नई BS6 Mahindra Bolero को इस साल की शुरुआत में लांच कर दिया जाएगा। इसके टेस्टिंग मॉडल को देखने के बाद अंदाजा लगाया जा रहा है कि इसे तय समय के अनुसार बाजार में लांच कर दिया जाएगा। सरकार के निर्देशानुसार आगामी 1 अप्रैल 2020 से देश में केवल उन्हीं वाहनों की बिक्री की जा सकेगी जिनमें BS6 इंजन का प्रयोग किया गया होगा।

क्या होगा बदलाव: नई BS6 Mahindra Bolero में कंपनी ने बिल्कुल नए डिजाइन का फ्रंट ग्रिल प्रयोग किया है। इसके अलावा हेडलाइट में कंपनी ने ब्लैक इंसर्ट का प्रयोग किया है जो कि इसके फ्रंट लुक को और भी प्रीमियम बनाता है। इसके अलावा ये एमपीवी अब और भी मजबूत हो जाएगी, क्योंकि कंपनी ने इसके फ्रंट में नए क्रैश टेस्ट मानकों के अनुसार बदलाव किया है, जो इसे और भी सुरक्षित बनाता है।

इंजन: कंपनी इसमें नए BS6 मानक वाले 1.5 लीटर की क्षमता का 3 सिलिंडर युक्त D75 इंजन का प्रयोग कर रही है। जो कि 71hp की पावर और 195Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। हाल ही में कंपनी के इस इंजन को BS6 सर्टिफिकेट मिला था। इसमें 5 स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन गियरबॉक्स को शामिल किया गया है। नए अपडेट के साथ ही इसका परफॉर्मेंस भी पहले से और बेहतर होगा।

पहले से महंगी होगी ये MPV: नए इंजन और कॉस्मेटिक बदलाव के बाद BS6 Mahindra Bolero के बेस वैरिएंट में 50,000 रुपये से लेकर 80,000 रुपये तक की बढ़ोत्तरी देखी जा सकती है। मौजूदा मॉडल भारतीय बाजार में 4 वैरिएंट में उपलब्ध है जिसमें LX, SLE, SLX, और ZLX शामिल है। इसकी कीमत 7.61 लाख रुपये से लेकर 8.99 लाख रुपये के बीच है। खबर है कि कंपनी इसे इसी महीने के अंत तक बाजार में बिक्री के लिए पेश कर सकती है।