Bajaj Auto Dealership: देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते आगामी 17 मई तक लॉकडाउन लागू किया गया है। इस लॉकडाउन के चलते सभी वाहन निर्माता कंपनियों ने वाहनों के प्रोडक्शन से लेकर बिक्री तक सबकुछ बंद कर दिया था। लेकिन अब देश की प्रमुख दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Bajaj Auto ने अपने डीलरशिप पर वाहनों की बिक्री शुरू करने की घोषणा की है।
कंपनी ने आज आधिकारिक तौर पर यह जानकारी साझा की है। कंपनी ने बताया कि, देश में अपने सभी डीलरशिप को शुरू कर रही है। इस दौरान सरकार द्वारा निर्देशित सभी गाइडलाइंस को फॉलो किया जाएगा। जैसा कि देश में सभी राज्यों के जिलों को रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन में बांटा गया है, इस हिसाब से कंपनी स्थानीय प्रशासन की अनुमति के आधार पर ही डीलरशिप को शुरू कर रही है।
Bajaj Auto ने बताया कि, सभी डीलरशिप और शोरूम पर सैनेटाइजेशन के बाद ही सर्विस को शुरू किया जा रहा है। इसके अलावा कर्मचारियों को भी सैनेटाइजेशन, मास्क और ग्लव्स के प्रयोग के लिए निर्देशित कर दिया गया है। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का भी विशेष ख्याल रखा जा रहा है ताकि कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
होगी थर्मल स्क्रीनिंग: वाहनों की बिक्री के लिए सभी डीलरशिप पर थर्मल स्क्रीनिंग की भी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बिना स्क्रीनिंग के किसी भी व्यक्ति को डीलरशिप पर जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा कर्मचारियों के स्वास्थ्य की भी समय समय जांच की जाएगी। बता दें कि, कंपनी ने हाल ही में फ्री सर्विसिंग के एक्सटेंशन की घोषणा की थी।