Bloomberg Billionaires Index: एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति गौतम अडानी लगातार अपने कारोबार का विस्तार कर रहे हैं, जिसका सीधा असर उनकी संपत्ति पर देखा जा रहा है। ब्लूमबर्ग बिलिनियर इंडेक्स के मुताबिक, गौतम अडानी की संपत्ति बढ़कर 137 बिलियन डॉलर हो गई है और इसके साथ वह दुनिया के अमीरों की सूची में चौथे स्थान पर बने हुए हैं।

अंबानी से 1.5 गुना हुई संपत्ति

इस साल फरवरी में पहली बार करीब एक दशक से अधिक समय तक एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति रहे मुकेश अंबानी को संपत्ति के मामले में पछाड़कर गौतम अडानी एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने थे। उनके बाद से लगातार अडानी संपत्ति के मामले अंबानी से आगे निकलते जा रहे हैं। मौजूदा समय में अंबानी की संपत्ति करीब 92.7 बिलियन डॉलर है और वह दुनिया के अमीरों की सूची में 11 वें स्थान पर कायम है।

दुनिया में गौतम अडानी से केवल तीन लोग अमीर

दुनिया में संपत्ति के मामले में गौतम अडानी से अब केवल दुनिया के तीन सबसे अमीर व्यक्ति आगे हैं। इसमें सबसे पहला नाम टेस्ला के सीईओ एलन मस्क का आता है। मौजूदा समय में वे दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं और उनके पास 260 बिलियन डॉलर की संपत्ति है। दूसरा नाम अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस का आता है और वे 162 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं। इस लिस्ट में तीसरा नाम लक्जरी गुड्स बनाने वाली कंपनी एलएमवीएच के मालिक बर्नार्ड अर्नाल्ट का आता है। उनके पास 146 बिलियन डॉलर की संपत्ति है।

संपत्ति बढ़ाने में अडानी सबसे आगे

2022 में संपत्ति बढ़ाने के मामले में गौतम अडानी ने दुनिया के सभी बड़े कारोबारियों को पछाड़ दिया है। इस साल उनकी संपत्ति में 60 बिलियन डॉलर का इजाफा हुआ है। अडानी की संपत्ति में बढ़ोतरी उनकी कंपनी शेयरों की कीमत में बढ़ोतरी के कारण हुई है।

बीते एक साल की बाद की जाए, तो अडानी पावर के शेयर की कीमत में 479 फीसदी, अडानी ग्रीन की कीमत में 169 फीसदी, अडानी ट्रांसमिशन की कीमत में 206 फीसदी, अडानी गैस की कीमत में 202 फीसदी, अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर की कीमत में 125 फीसदी और अडानी पोर्ट के शेयर की कीमत में 30 फीसदी का इजाफा हुआ है।