बजाज एक फरवरी को अपनी नई बाइक ‘वी’ को लॉन्‍च करेगा। कंपनी का कहना है कि यह बाइक भारत के पहले एयरक्राफ्ट कॅरियर आईएनएस विक्रांत के मेटल से बनाई गई है। आईएनएस विक्रांत ने 40 साल तक सेवा दी थी इसके बाद 1997 में उसे सेवा से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद इसे मुंबई में 2012 तक म्‍यूजियम शिप के रूप में रखा गया था। जनवरी 2014 में इसे स्‍क्रैप कर दिया गया। पाकिस्‍तान के साथ 1971 की जंग में इसने अहम भूमिका निभाई थी।

बजाज ऑटो के अनुसार, ‘दशकों तक विक्रांत अजेय रहा और उसने देश की सीमाओं की रक्षा की। हालांकि 2014 में इसे स्‍क्रैप यार्ड में भेज दिया गया। लेकिन हम इतिहास को भूलने नहीं देंगे। इसलिए हमने आईएनएस विक्रांत का मेटल लिया, इसे पिघलाया और बजाज वी के रूप में नई पहचान दी।’ हालांकि बाइक की कीमत और अन्‍य फीचर्स के बारे में कोई खुलासा नहीं किया गया है। हालांकि बताया जा रहा है कि यह 150 सीसी बाइक हो सकती है और इसका नाम बजाज वी150 हो सकता है।

इस बाइक के जरिए कंपनी क म कीमत में प्रीमियम मोटरसाइकिल उपभोक्‍ताओं को टार्गेट कर रही है। संभावना है कि इसे डिस्‍कवर 150 और पल्‍सर एएस 150 के बीच रखा जा सकता है।