उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का फटी हुई जींस को लेकर दिया गया बयान इन दिनों काफी चर्चा में है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के इस बयान के बीच सोशल मीडिया पर योगगुरु बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि परिधान की भी चर्चा हो रही है।

इस चर्चा की वजह रामदेव का एक वीडियो है, जिसमें वह फटी जींस को संस्कारी बता रहे हैं। दरअसल, रामदेव अपनी कंपनी पतंजलि परिधान के ब्रांड का प्रचार कर रहे थे, इसी दौरान उन्होंने ये बयान दिया था। बहरहाल, आज हम आपको पतंजलि परिधान की फ्रेंचाइजी लेने के तरीके के बारे में बताएंगे। इसके जरिए आप बाबा रामदेव की कंपनी के साथ पार्टनरशिप कर सकते हैं। आइए, इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।

अगर रामदेव की कंपनी पतंजलि परिधान के साथ पार्टनरशिप करने में दिलचस्पी रखते हैं तो सबसे पहले कंपनी की वेबसाइट https://www.patanjaliparidhan.com पर जाएं। इसके बाद आपके कंम्प्यूटर स्क्रीन पर जो पेज खुलकर आएगा, उसे स्क्रॉल कर नीचे आना होगा। नीचे, दाहिनी तरफ partner with us का विकल्प दिखेगा। इसे क्लिक करने के बाद जो पेज खुलेगा, उसमें आपको अपनी कुछ जानकारियां देनी होगी।

उदाहरण के लिए आपको नाम, ईमेल आईडी, एड्रेस, राज्य, शहर, पिन कोड और अपने स्टोर साइज की जानकारी देनी होगी। स्टोर साइज SQ.FT में होगा। इसे रजिस्टर्ड करने के बाद कंपनी की ओर से आपसे संपर्क किया जाएगा। कंपनी की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक इसके बारे में विस्तार से जानना चाहते हैं तो मोबाइल नंबर 9073607401 या support@paridhanbypatanjali.com पर मेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं।

क्या हैं शर्तें: पतंजलि परिधान से जुड़ने के लिए रामदेव ने शर्तों के बारे में बताया था। उन्होंने एक ट्वीट में बताया था कि शोरूम खोलने के लिए जरूरी है आपके पास अपनी प्रॉपर्टी हो। यह प्रॉपर्टी किसी मॉल, कमर्शियल कॉम्प्लैक्स या हाई स्ट्रीट पर होना जरूरी है।

शोरूम के लिए स्पेस ग्राउंड फ्लोर पर कम से कम 2000 वर्ग फुट होना चाहिए। इसका फ्रंट 20 फुट का होना अनिवार्य है और हाइट कम से कम 10 फुट जरूरी है। इसके अलावा गारमेंट या टैक्सटाइल्स का पूर्व अनुभव होना चाहिए। आपको बता दें कि पतंजलि परिधान में स्वदेशी कपड़ों पर जोर देने का दावा किया जाता है। कंपनी के स्टोर्स पर पुरुष और महिलाओं के परिधान मिलते हैं।