पीरामल एंटरप्राइजेज की वजह से अजय पीरामल ने अपनी एक खास पहचान बनाई है। वह देश के टॉप अरबपतियों के अलावा दानवीरों में भी शामिल हैं।

अजय पीरामल की एक पहचान ये भी है कि वह मुकेश अंबानी के रिश्तेदार हैं। अजय पीरामल के बेटे आनंद की शादी ईशा अंबानी से हुई है। ईशा, मुकेश अंबानी की इकलौती बेटी हैं। ईशा अंबानी के ससुर अजय पीरामल के बारे में कई दिलचस्प किस्सा हैं। इनमें से एक किस्सा उन्होंने खुद बताया था।

इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक अजय पीरामल ने बताया था कि जब वह एक डील के लिए गए थे तो लोगों ने बच्चा समझ लिया था, जबकि अजय पीरामल की उम्र 32 साल हो रही थी। ये डील ऑस्ट्रेलिया की एक बहुराष्ट्रीय दवा कंपनी एस्ट्रा निकोलस की एक शाखा निकोलस लैबोरेटरीज के लिए थी।

दरअसल, भारत के कुछ सबसे बड़े समूह निकोलस लैब्स के अधिग्रहण में रुचि रखते थे। इस भीड़ में अजय पीरामल एक अज्ञात नाम की तरह थे। अजय पीरामल के मुताबिक कई तो सोचते थे कि यह तो बच्चा है, इसे क्या समझ?

पीरामल ने लोगों के इस भ्रम को तोड़ दिया। उन्होंने निकोलस लैब्स को 16.5 करोड़ रु. में खरीदा। इसके बाद अजय पीरामल ने निकोलस पीरामल के नाम से मशहूर दवा व्यवसाय को बहुत विस्तार दिया। हालांकि, 2010 में कंपनी के घरेलू फॉर्म्युलेशन के व्यापार को 3.72 अरब डॉलर में एक अमेरिकी फर्म ऐबट लैबोरेटरीज को बेच दिया।

अजय पीरामल की संपत्ति: अजय पीरामल की संपत्ति की बात करें तो 3.6 बिलियन डॉलर है। वह भारतीय अमीरों की सूची में 50वें स्थान पर हैं। अजय पीरामल के समधी यानी मुकेश अंबानी की संपत्ति की बात करें तो करीब 80 बिलियन डॉलर के स्तर पर पहुंचने को है।