भारतीय पहलवान विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों दोनों में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनीं। वह विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में एक से ज्यादा पदक जीतने वाली एकमात्र भारतीय महिला पहलवान हैं। विनेश फोगाट 2019 में लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवार्ड्स के लिए नामांकित होने वाली पहली भारतीय एथलीट हैं। विनेश पहलवान राजपाल फोगट की बेटी और राष्ट्रमंडल की गोल्ड मेडलिस्ट पहलवान गीता फोगाट और बबीता फोगाट की चचेरी बहन हैं। विनेश की चचेरी बहन रितु फोगाट भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की पहलवान हैं। रितु फोगाट ने 2016 राष्ट्रमंडल कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। घुटने की चोट के कारण विनेश फोगाट को रियो ओलंपिक में अपना मैच अधूरा छोड़कर हटना पड़ा था। वहीं टोक्यो ओलंपिक में वह पहले राउंड में ही बाहर हो गईं थीं।
2014 में दक्षिण कोरिया के इंचियोन में एशियाई खेलों में विनेश ने महिलाओं की फ्रीस्टाइल 48 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता। इसके बाद 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में विनेश फोगाट ने स्वर्ण पदक जीता और एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनीं। विनेश फोगाट ने महिलाओं के 50 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती के स्वर्ण पदक मैच में जापान की युकी इरी को 6-2 से हराया था।
फरवरी 2021 में कीव में आयोजित आउटस्टैंडिंग यूक्रेनियन रेसलर्स एंड कोच मेमोरियल टूर्नामेंट में विनेश फोगाट ने 2017 की विश्व चैंपियन वेनेसा कलादजिंस्काया को हराकर स्वर्ण पदक जीता था। विनेश फोगट ने 2021 माटेओ पेलिकोन रैंकिंग सीरीज इवेंट में स्वर्ण पदक जीता और विश्व नंबर एक रैंक हासिल की। विनेश फोगाट ने 2021 पोलैंड ओपन में महिलाओं की 53 किग्रा स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। Read More