कमलनाथ की गिनती मध्यप्रदेश में कांग्रेस के बड़े नेताओं में होती है। कमलनाथ मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते है और 9 बार इसी क्षेत्र से लोकसभा में जीत दर्ज कर चुके हैं। वह मध्य प्रदेश के 18वें मुख्यमंत्री भी रहे हैं। कमलनाथ का जन्म उत्तर प्रदेश के कानपुर में 18 नवंबर 1946 में हुआ। उनकी स्कूली शिक्षा दून स्कूल से हुई। उन्होंने कलकत्ता यूनिवर्सिटी के सेंट जेवियर कॉलेज से बीकॉम की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के दौरान वे दून स्कूल में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बेटे संजय गांधी के साथ भी रहे। कमल नाथ की शादी अलका नाथ से 27 जनवरी 1973 को हुई और उनके दो बेटे हैं।
कमलनाथ ने 1980 में रखा राजनीति में कदम
कमल नाथ ने राजनीति में कदम 1980 में रखा जब इंदिरा गांधी ने उन्हें लोकसभा का चुनाव लड़ने के लिए छिंदवाड़ा भेजा। साल 1979 में कमल नाथ ने मोरारजी देसाई की सरकार से मुकाबला करने में कांग्रेस की मदद की थी। कमल नाथ 1980 में 7वीं लोकसभा के लिए चुने गए। उन्हें 16वीं लोकसभा में प्रोटेम स्पीकर चुना गया। वह लगातार 1985, 1989 और 1991 में लोकसभा के लिए चुने गए और उन्हें यूनियन काउंसिल ऑफ मिनिस्टर्स में जगह मिली। उन्हें पर्यावरण और वन मंत्रालय की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।
कमल नाथ के बारे में रोचक तथ्य
2006 में कमल नाथ को सार्वजनिक क्षेत्र में उनके योगदान के लिए जबलपुर की रानी दुर्गवती विश्वविद्यालय से मानद डॉक्टरेट की उपाधि दी गई। कमलनाथ को एफडीआई पत्रिका ने 2007 के एफडीआई व्यक्तित्व से सम्मानित किया। 2008 में उन्हें इकोनॉमिक टाइम्स द्वारा ‘बिजनेस रिफार्मर ऑफ द ईयर’ टाइटल से सम्मानित किया गया था। सितंबर 2011 में, उन्हें भारत में सबसे अमीर कैबिनेट मंत्री घोषित किया गया था। उनके पास 2.73 अरब रुपये की संपत्ति थी।