
भारतीय जनता पार्टी (BJP) भारत का एक प्रमुख राजनीतिक दल है। इसकी स्थापना 6 अप्रैल 1980 को मुंबई में की गई थी। बीजेपी दावा करती है कि वह 20 करोड़ से ज्यादा सदस्यों के साथ दुनिया की सबसे बड़ी पॉलिटिकल पार्टी है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के बाद देश में आम चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल करने वाली दूसरी प्रमुख पार्टी भारतीय जनता पार्टी साल 2014 से केंद्र में सत्तारुढ़ है। मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीजेपी संसदीय दल के अध्यक्ष हैं।
वर्तमान में जेपी नड्डा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और गांधीवादी समाजवाद जैसी नीतियों के साथ दक्षिणपंथी राजनीति करने वाली बीजेपी ऐतिहासिक रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से प्रेरित राजनीतिक दल है। आरएसएस के साथ घनिष्ठ वैचारिक और संगठनात्मक रिश्ते की वजह से बीजेपी ने देश में एक पारंपरिक हिंदू राष्ट्रवादी विचारधारा को प्रतिबिंबित किया है। 1980 से पहले बीजेपी राष्ट्रीय संसदीय राजनीतिक जगत में भारतीय जनसंघ के नाम से संघर्ष कर रही थी। भारतीय जनता पार्टी अपने संस्थापकों और प्रेरक के तौर पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की तस्वीर लगाती है। लोकसभा, राज्यसभा और विभिन्न राज्यों की विधानसभा समेत स्थानीय निकाय चुनावों में भी बीजेपी अपने सदस्यों की संख्या लगातार बढ़ा रही है।