मनुष्यों की तरह जानवरों और पक्षियों को भी अपने प्राकृतिक परिवेश में रहना पसंद है। जहां वो स्वतंत्रतापूर्वक खुले आसमान की छांव में रह सकें और विचरण कर सकें। लेकिन कई बार इन खूबसूरत जीवों को लोगों के मनोरंजन के लिए लोग ही कैद कर लेते हैं। इसकी वजह से इन्हें प्राकृतिक पर्यावरण से दूर रहना पड़ता है। जहां एक तरफ पालतू जानवरों को बहुत प्यार मिलता है वहीं दूसरी तरफ पक्षियों को आकर्षण की वजह से पिंजरे में कैद करके रखा जाता है। लेकिन सौभाग्य से कई लोग ऐसे हैं जो जानवरों की स्वतंत्रता के बारे में सोचते हैं। उनका अपने प्राकृतिक वास से दूर रहने का दुख समझते हैं। समझते हैं कि अपने घर से एकदम अलग होने के बाद इन बेजुबान जीवों पर क्या असर पड़ता है।
कतर में एक अमीर लड़की जोकि पक्षियों से बहुत प्यार करती है उसने एक सराहनीय काम किया है। इन पक्षियों को आजाद कराने के लिए और इनकी मदद के लिए लड़की ने पूरा चिड़ियाघर खरीद लिया। ताकि उन्हें आजाद किया जा सके। वीडियो में दिख रहा है कि कैसे एक ट्रक में भरे हुए पक्षियों को खुले स्पेस में लाया जाता है। इसके बाद इन्हें आजाद कर दिया जाता है। यह नजारा देखने में बेहद खूबसूरत है। जिस समय बर्ड फ्लू की वजह से कई पक्षियों को मारा जा रहा है और जानवरों पर की जाने वाली क्रूरता की खबरें सामने आती रहता है। ऐसे समय में यह खबर वाकई एक उम्मीद की तरह है। जिससे यह बात साबित होती है कि लोगों में आज भी कहीं ना कहीं इंसानियत बाकी है।
बता दें कि जापान ने उत्तरी होक्काइदो में बेहद संक्रामक बर्ड फ्लू के प्रकोप और इसे बढ़ने से रोकने के लिए करीब 2,10,000 मुर्गियों को मारना शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने रविवार (18 दिसंबर) को बताया कि इस सर्दी के मौसम में मुर्गियों को मारने की यह पांचवी कार्रवाई है। सैकड़ो अधिकारी संक्रामक एच-5 के प्रसार की रोकथाम के लिए लगाये गये हैं। जापान के अनेक मुर्गीपालन बाड़ों में यह संक्रामक बीमारी पायी गयी है।
कुछ सप्ताह पहले संक्रमण के कारण मध्य जापान के शहर नीगाता में 5,50,000 मुर्गियों और होक्काइदो के दक्षिण में ओमोरी प्रीफेक्चर में 23,000 बत्तखों को मार दिया गया था। प्रशासन ने संक्रमित मुर्गी बाड़ों के नजदीक के इलाकों में मुर्गियों एवं इसके उत्पादों को लाने- ले जाने को प्रतिबंधित कर दिया है और इधर आने वाली सड़कों को बंद कर दिया है।