स्पेन से एक कपल भारत घूमने के लिए आया था, मगर यहां के रीति रिवाज उन्हें इतना भाया कि उन्होंने भारत में ही शादी करने का फैसला कर लिया। जहां यह दुल्हन घूंघट में बैठी तो दुल्हा शाही अंदाज में ऊंट पर बैठकर आया। राजस्थान में स्पेन के इस कपल ने पूरी तरह भारतीय रीति रिवाज के अनुसार शादी की। शादी में शिरकत करने वाले सभी बाराती भी राजस्थानी ही थे।
दरअसल राजस्थान घूमने आए स्पेन के अनदोनी (34) व इगोने (31) ने स्थानीय लोगों की उपस्थिति में एक-दूसरे को जयमाला पहनाई। इतना ही नहीं शादी में मंत्रोच्चारण और सात फेरे भी लिए गए। दूल्हा ऊंट पर सवार होकर मंडप पहुंचा, तो उसकी दुल्हन घूंघट में उसका इंतजार कर रही थी। दुल्हन ने भारतीय साड़ी पहनी थी तो दूल्हा भी साधारण कुर्ते-पजामे और राजस्थानी पगड़ी पहनकर शादी के मंडप में पहुंचा।
यह शादी इतनी साधारण थी कि शादी में किसी तरह का ज्यादा खर्चा भी नहीं किया गया। वैसे यह कोई नया मामला नहीं था कि किसी विदेशी जोड़े ने भारतीय परंपरा अनुसार शादी रचाई हो। आपको बता दें जैसलमेर में टूरिस्ट सीजन के दौरान हर साल कई विदेशी जोड़े भारतीय परंपरा अनुसार अपनी शादी रचाते है।

