अमेरिका के लुइसियाना में बाढ़ के पानी में लगभग डूब चुकी महिला और उसके कुत्ते को अंत समय पर बचा लिया गया। सही समय पर नाव से पहुंचे कुछ लोगों ने इस महिला और उसके पालतु जानवर की मदद की और दोनों की जान बचा ली। बचावकार्य की एक वीडियो भी बनाई गई। वीडियो में कार के अंदर फंसी महिला पानी में डूबती और मदद के लिए चिल्लाती सुनाई पड़ रही है। महिला चिल्लाते हुए कह रही है, “ओह माई गॉड, मैं डूब रही हूं।”

दरअसल अमेरिका में लुइसियाना में भीषण बाढ़ से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। हालत यह है कि बाढ़ के कारण अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। इसी भीषण बाढ़ में एक कार सवार महिला अपने कुत्ते समेत फंस गई थी। महिला की मदद के लिए तीन लोग नाव के जरिए पहुंचे और महिला को बाहर निकालने के लिए कार का शीशा तोड़ने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद भी शीशा नहीं टूट पाया।

कार धीरे-धीरे पानी में डूबती जा रही थी और महिला को बचाने के लिए कम ही समय बचा था। इसलिए उनमें से एक शख्स पानी में कूद गया और कार के पास पहुंचा। उसने कार के फेबरिक निर्मित छत को फाड़कर महिला को बाहर निकाला। महिला जैसे ही बाहर आई उसने बताया कि उसका कुत्ता भी अंदर है। फिर शख्स पानी के अंदर गया और उसने कुत्ते को भी सुरक्षित बचा लिया। महिला को बचाने की यह वीडियो वायरल हो रही है। दो दिन में ही इसे 1.3 लाख लोग देख चुके हैं।

Read Also: एयर शो के दौरान हुई दुर्घटना, समुद्र में जा गिरा स्टंट दिखा रहा प्लेन