करीब साल भर पहले एक शख्स ने लाखों रुपए खर्च कर काले रंग का घोड़ा खरीदा। लेकिन अभी इस घोड़े को खरीदे एक साल भी नहीं बीते थे और अचानक इस घोड़े का रंग काला से सफेद पड़ गया। घोड़ा ने आखिर रंग कैसे बदल लिया इसकी कहानी जानकर सभी दंग हैं और घोड़े को खरीदने वाला इस वक्त खुद को ठगा महसूस कर रहा है। यह कहानी है पंजाब की। पंजाब में एक घोड़ा व्यापारी पर गंभीर ठगी का आरोप लगा है। आरोप है कि इस ठग ने उजले रंग के घोड़े को पेंट कर पहले काला किया और फिर उसे लाखों रुपए में बेच दिया। यह मामला पंजाब के फरीदकोट का है। पंजाब पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी को लेकर अभी कोई सूचना नहीं है।
दरअसल फरीदकोट के रहने वाले करनबीर इंदरसिंह सेखों ने बीते साल नवंबर के महीने में एक घोड़ा खरीदा था। करनबीर के मुताबिक उन्होंने यह घोड़ा मेवा सिंह नाम के एक घोड़ा व्यापारी से खरीदा था। उस वक्त मेवा सिंह ने इस थोड़े को मारवाड़ी नस्ल का बताते हुए इसकी कीमत 24 लाख बताई थी। हालांकि बाद में करीब साढ़े सत्रह लाख रुपए में इस घोड़े का सौदा तय किया गया है। करनबीर सिंह के मुताबिक उस वक्त घोड़े का रंग काला था और रंग की वजह से देखने में यह मारवाड़ी नस्ल का घोड़ा ही लग रहा था।
घोड़े को खरीदने वाले शख्स का आरोप है कि कुछ ही दिनों बाद घोड़ा का रंग धीरे-धीरे सफेद होने लगा। उनका कहना है कि जैसे ही घोड़े का रंग बदलने लगा उन्हें इसपर थोड़ा शक हुआ और अब यह घोड़ा पूरी तरह सफेद हो चुका है। इस शख्स ने आरोप लगाया है कि मेवा सिंह पहले भी ठगी के कामों में संलिप्त रहा है। इस मामले में पुलिस ने मेवा सिंह तथा उसके माता-पिता पर केस दर्ज किया है।
