यूपी चुनाव सर्वे: BJP सबसे आगे, मायावती मुख्यमंत्री पद के लिए पहली पसंद

उत्तर प्रदेश में 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर आए एक सर्वे मुताबिक इन चुनावों में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभर सकती है। इंडिया टूडे और एक्सिस पोल द्वारा करवाए गए सर्वे के अनुसार अगर आज चुनाव होते हैं तो विधानसभा की कुल 403 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी यानि कि बीजेपी को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में 170-183 सीटें मिल सकती हैं। वहीं बात

करें मायावती की बहुजन समाज पार्टी यानि कि बीएसपी की, तो इन चुनावों में बीएसपी को 115-124 सीटें मिलने की उम्मीद है। और इसी के साथ बीएसपी इन चुनावों में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभर सकती है। वहीं इस वक्त उत्तर प्रदेश की सत्ताधारी समाजवादी पार्टी यानि कि सपा 94-103 सीटों के साथ तीसरे नंबर पर रहेगी। जहां तक कांग्रेस की बात है तो पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी की 25 दिन की किसान यात्रा और शीला दीक्षित को यूपी के मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर उतारने का फायदा भी कांग्रेस को मिलता हुआ नहीं दिख रहा है। सर्वे के मुताबिक इन चुनावों में कांग्रेस को सिर्फ 8- 12 सीटों में ही संतोष करना पड़ेगा। वहीं अगर वोट परसेंट के हिसाब से बात करें तो बीजेपी को 31%, बीएसपी 28%, सपा 25%, कांग्रेस को सिर्फ 6% और अन्य के हिस्से में 10% सीटें आएंगी। वहीं अगर मुख्यमंत्री पद के लिए उम्मीदवार की बात करें तो 31 % लोगों ने मायावती को मुख्यमंत्री पद के लिए पहली पसंद माना है। वहीं 27% लोगों के लिए अखिलेश यादव पहली पसंद हैं। 14% लोग योगी आदित्यनाथ को यूपी के मुख्यमंत्री के तौर पर देखना चाहते हैं और सिर्फ 1% लोग मुलायम सिंह यादव को मुख्यमंत्री के पद पर देखना चाहते हैं। वहीं बात करें कांग्रेस की तो सिर्फ 2% लोग प्रियंका गांधी को बतौर मुख्यमंत्री और 1% लोगों की मुख्यमंत्री के लिए पहली पसंद शीला दीक्षित हैं। ये तो था उत्तर प्रदेश चुनावों का सर्वे लेकिन अब देखना ये होगा कि ये सर्वे कितना सटीक बैठता है और इन चुनावों कौन सी पार्टी किस पर भारी पड़ती है।

और पढ़ें