दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की अस्थियां गुरुवार को उनके पति बोनी कपूर और देवर अनिल कपूर ने गंगा में विसर्जित की। इस दौरान बोनी कपूर और अनिल कपूर भावुक नजर आए। अस्थि विसर्जन के बाद बोनी कपूर, अनिल कपूर और राजनेता अमर सिंह राज्य अतिथि गृह डामकोठी पहुंचे। कपूर खानदान के तीर्थ पुरोहित शिवकुमार पालीवाल और मनीष जयवाल ने पूजा का पूरा इंतजाम किया था। गंगाजी का आचमन करने के बाद वीआईपी घाट पर कर्मकांड किया गया। 15 मिनट चली पूजा के बाद दिवंगत श्रीदेवी की अस्थियां गंगा में प्रवाहित की गईं।