समाजवादी पार्टी विवाद: अखिलेश यादव बने रहेंगे पार्टी अध्यक्ष, शिवपाल यादव और अमर सिंह दे सकते हैं इस्तीफा

समाजवादी पार्टी में सुलह की कोशिशें अभी भी जारी है। खबर है कि सपा का दोनों धड़ा एक हो सकता है। गुरूवार की रात मुलायम सिंह यादव के आवास पर बैठकों का दौर चला। इस बैठक में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी शामिल हुए। सूत्रों के मुताबिक अखिलेश यादव की मांग के पर राज्य सभा सांसद अमर सिंह पार्टी से बाहर हो सकते हैं वहीं चाचा शिवपाल यादव प्रदेश अध्यक्ष का

पद छोड़ सकते हैं। अखिलेश ने शर्त रखी है कि वो सिर्फ तीन महीने के लिए यानी यूपी चुनावों तक ही पार्टी के अध्यक्ष बने रहना चाहते हैं। अगर ऐसा होता है तो मुलायम सिंह यादव चुनाव बाद फिर से पार्टी अध्यक्ष बन सकते हैं। यही नहीं समाजवादी पार्टी अखिलेश यादव के नेतृत्व में ही विधान सभा चुनाव लड़ेगी। अमर सिंह और शिवपाल यादव ने मुलायम सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की। इससे पहले अखिलेश यादव ने गुरुवार को समर्थक विधायकों और मंत्रियों की बैठक बुलाई थी जिसमें समाजवादी पार्टी के 220 एमएलए और 60 एमएलसी ने अखिलेश यादव को अपने हस्ताक्षर वाले हलफनामे सौंपे हैं। अखिलेश यादव इन हलफनामों को चुनाव आयोग को सौंपेंगे। संभावना जताई जा रही है कि अखिलेश यादव सपा का विवाद सुलझने के बाद कांग्रेस पार्टी से गठबंधन कर सकते हैं। इसके लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बीच गठबंधन को लेकर सहमति बन चुकी है और राहुल के विदेश दौरे से आने का इंतजार है। इसबीच कांग्रेस सिर्फ मौजूदा जीती हुई सीटों पर ही उम्मीदवार उतारने की कोशिश में है।

और पढ़ें