Shahdara Case: दिल्ली के शाहदरा में शनिवार को सुबह की सैर से लौटते समय 52 साल के एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना फर्श बाजार थाना क्षेत्र के विश्वास नगर में हुई। स्थानीय लोगों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए फर्श बाजार थाने से पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय गोली लगने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सुनील जैन के रूप में हुई है। वह क्रॉकरी की दुकान के मालिक थे और उनकी उम्र 52 साल थी। शाहदरा के डीसीपी प्रशांत गौतम ने कहा, ‘सुबह 8:36 बजे हमें पीसीआर कॉल मिली कि बाइक सवार दो लड़कों ने एक शख्स को गोली मार दी और भाग गए। मौके पर पुलिस ने पाया कि सुनील जैन नाम के एक व्यक्ति को गोली मारी गई थी। उसे 3-4 बार गोली मारी गई थी। सुनील जैन की मौत हो गई है। वह क्रॉकरी की दुकान के मालिक थे और उनकी उम्र 52 साल थी। परिवार किसी भी तरह की धमकी से इनकार कर रहा है।’ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि आरोपी को पकड़ा जा सके और गोलीबारी की घटना के पीछे का मकसद पता लगाया जा सके।