कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) 2020 में बुधवार यानी 26 अगस्त को ट्रिनबागो नाइटराइडर्स ने जीत का चौका लगाया। उसने बारिश से प्रभावित मैच में सेंट लूसिया जॉक्स को 6 विकेट से हराया। इस मैच में नाइटराइडर्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी सेंट लूसिया जॉक्स ने 17.1 ओवर में 6 विकेट पर 111 रन बनाए थे, तभी बारिश आ गई। काफी देर इंतजार के बाद जब बारिश रुकी तो डकवर्थ लुईस नियम के मुताबिक, नाइटराइडर्स को 9 ओवर में 72 रन बनाने का लक्ष्य मिला। नाइटराइडर्स ने 8 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 72 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।

नाइटराइडर्स की इस जीत में ड्वेन ब्रावो ने अहम भूमिका निभाई। ब्रावो ने पहले 3 ओवर में 7 रन देकर 2 विकेट लिए। बाद में बल्लेबाजी करते हुए 13 गेंद में नाबाद 23 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 2 छक्के लगाए। ब्रावो प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए। इस मैच में उन्होंने अपने 500 टी20 विकेट पूरे किए। वह टी20 में 500 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज हैं।

ब्रावो के अलावा विकेटकीपर टिम सीफर्ट ने भी 16 गेंद में नाबाद 15 रन  बनाए। वहीं, सेंट लूसिया जॉक्स की ओर से मोहम्मद नबी हाइएस्ट स्कोरर रहे। उन्होंने 22 गेंद में नाबाद 30 रन बनाए। उनके अलावा नजीबुल्लाह ने 21 गेंद में 21 और रहकीम कॉर्नवाल ने 15 गेंद में 18 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में जॉक्स के केसरिक विलियम्स ने 17 रन देकर 2 विकेट लिए।

Live Blog

21:10 (IST)26 Aug 2020
ग्लेन को खाता खोलने का इंतजार

बारिश के कारण खेल रुक गया है। खेल जब रुका तब सेंट लूसिया जॉक्स का स्कोर 17.1 ओवर में 6 विकेट पर 111 रन था। मोहम्मद नबी 22 गेंद में 30 रन बनाकर नाबाद थे। डैरेन सैमी के आउट होने पर दूसरे छोर पर जवेले ग्लेन आए थे। उन्होंने अभी खाता नहीं खोला था। नबी 2 चौके और एक छक्का लगा चुके हैं।

20:39 (IST)26 Aug 2020
तीन ओवर में जोड़े 20 रन

14 ओवरों का खेल खत्म हो चुका है। सेंट लूसिया जॉक्स के खाते में 4 विकेट पर 93 रन जुड़े हैं। इस समय क्रीज पर मार्क दयाल और मोहम्मद नबी हैं। मार्क बहुत धीमी बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने 22 गेंद पर अब तक 16 रन बनाए हैं। वहीं नबी 11 गेंद पर 14 रन ठोक चुके हैं। दोनों के बीच अब तक 18 गेंद में 20 रन की साझेदारी हो चुकी है।

20:00 (IST)26 Aug 2020
4 ओवर में गंवाए 2 विकेट

सेंट लूसिया जॉक्स की शुरुआत ठीक-ठाक हुई। उसने 15 गेंद में ही 24 रन का स्कोर बना लिया था, लेकिन तभी आंद्रे फ्लेचर अली खान की गेंद पर खैरी पियरे को कैच थमा बैठे। चौथे ओवर में रहकीम कॉर्नवाल ने भी पवेलियन की राह पकड़ ली। उन्होंने 15 गेंद में 18 रन बनाए। इसमें 2 चौके और एक छक्का था। इस समय क्रीज पर मार्क दयाल और रोस्टन चेज हैं।

19:16 (IST)26 Aug 2020
ट्रिनबागो नाइटराइडर्स की प्लेइंग इलेवन

ट्रिनबागो नाइटराइडर्स: लेंडल सिमंस, टियान वेबस्टर, कॉलिन मुनरो, कीरोन पोलार्ड (कप्तान), डैरेन ब्रावो, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), खैरी पियरे, ड्वेन ब्रावो, अली खान, फवाद अहमद, प्रवीण तांबे।

19:16 (IST)26 Aug 2020
सेंट लूसिया जॉक्स की प्लेइंग इलेवन

सेंट लूसिया जॉक्स: रकहीम कॉर्नवाल, आंद्रे फ्लेचर (विकेटकीपर), मार्क दयाल, जवेले ग्लेन, नजीबुल्लाह जदरान, मोहम्मद नबी, डैरेन सैमी (कप्तान), स्कॉट कुगलेइजन, रोस्टन चेज, केमर होल्डर, केसरिक विलियम्स।