दुनिया की सबसे बड़ी वीडियो शेयरिंग वेबसाइट YouTube पर हर मिनट करीब 300 घंटों के वीडियो अपलोड होते हैं। पूरी दुनिया में एक अरब से भी ज्यादा लोग YouTube का इस्तेमाल करते हैं। हैरान कर देने वाली जानकारी यह है कि YouTube पर लोग हर दिन 4 अरब वीडियोज देखते हैं। यही नहीं, हर महीने 6 अरब घंटों के वीडियो YouTube पर देखे जाते हैं। इतने बड़े वीडियो डेटा और यूजरबेस के चलते YouTube का इस्तेमाल बहुत से लोग अपने प्रचार और विज्ञापनों के जरिए पैसे कमाने के लिए करते हैं। YouTube पर भारी संख्या में देखे जा रहे वीडियोज के लिए एक ट्रेंडिंग सेक्शन भी है। इसमें दुनियाभर के यूजर्स को उनके क्षेत्र में देखे जा रहे वीडियोज मिलते हैं। अगर आप इन ट्रेंडिंग वीडियोज पर नजर डालें तो आधे से ज्यादा वीडियोज फर्जी या फुटेज से छेड़छाड़ कर बनाए गए होते हैं। ऐसा ही एक वीडियो हमने मंगलवार को YouTube ट्रेंडिंग सेक्शन में देखा।
महज फोटो स्लाइड्स और वॉयस ओवर के जरिए बनाए गए वीडियो को करीब 13 लाख लोग देख चुके हैं। ‘मिलिए दुनिया की सबसे खूबसूरत महिला से जिनको देख के लाखो उनकी ख़ूबसूरती के फेन हो गए’ टाइटल से अपलोड किए गए वीडियो में व्याकरण की बचकानी से गलतियां हैं। वॉयस ओवर मशीनी है, और भाषा में कोई ठहराव नहीं है। वीडियो की स्क्रिप्ट कुछ ऐसी है कि आप हंस पड़ेंगे। वॉयस ओवर में मशीनी आवाज आपसे कहती है, ”आज हम आपको मिलवाने वाले हैं दुनिया की सबसे खूबसूरत महिला से, जिनको देखने के बाद आप उसपे से अपनी नजर नहीं हटा पाएंगे और उनकी खूबसूरती में कहीं गुम हो जाएंगे और आप उनकी खूबसूरती के दीवाने भी हो सकते हैं। दरअसल उसकी फोटो इंटरनेट पर वायरल हो चुकी है। इनका नाम है शायमाल हम्मादी है। वो फेमस टीवी होस्ट हैं और ओमान की रहने वाली है।”
पूरे वीडियो में एक फोटो को अलग-अलग इफेक्ट्स के जरिए सामने रखा गया है। 59 सेकेंड के इस वीडियो को बनाने में बमुश्किल एक घंटे का वक्त लगा होगा, मगर करीब 13 लाख लोगों ने इसे देख लिया है और यह तादाद बढ़ती जा रही है। देखें यह अजीबोगरीब ट्रेंडिंग वीडियो:
