ब्लैक माम्बा की गिनती दुनिया के सबसे खतरनाक जहरीले सांपों में होती है। इसके काटने पर तुरंत ही इलाज न किया जाए तो मौत होने में देर नहीं लगती। इसी लिए आप दुआ करें की इस सांप से जिंदगी में कभी भी आपका सामना न हो जैसे कि इस महिला का हो गया। दक्षिण अफ्रीका के डरबन शहर में एक महिला के घर में ब्लैक माम्बा निकल आया। सांप टीवी सेट के नीचे रैक में छिपा हुआ था। सांप को पकड़ने के लिए एक पेशेवर को बुलाया गया जिसने कड़ी मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया। सोशल मीडिया पर इस सांप को पकड़ने वाला यह नया वीडियो काफी वायरल हो रहा है। वीडियो को यूट्यूब पर नेशनल जियोग्राफिक चैनल ने पोस्ट किया है। ब्लैक माम्बा सांप लगभग 2.5 मीटर लंबा था। सांप घर में महिला के कुछ पालतू जानवरों की दावत उड़ाने के लिए घर में पहुंचा था।

वीडियो में देखा जा सकता है कैसे पेशेवर निक इवान्स इस सांप को पकड़ते हैं। निक अपने औजारों की मदद से सांप को टीवी की कैबिनेट के नीचे से निकलते हुए देखें जा सकते हैं। वहीं वीडियो से कई और जरूरी जानकारी भी आप हासिल कर सकते हैं। किसी ब्लैक माम्बा सांप की पहचान आप उसके मुंह से कर सकते हैं। ब्लैक माम्बा के नाम में ब्लैक का मतलब काले रंग से है लेकिन यह काला रंग सांप की खाल का नहीं बल्कि उसके मुंह का होता है। सांप का मुंह अंदर से काला होता है। बहरहाल, सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को जल्द ही 9 लाख व्यूज मिलने वाले हैं। आप भी देखें यह वीडियो।

वीडियो (Source: YouTube/National Geographic)