ब्राजील में मंगलवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक रेलवे स्टेशन पर एक शख्स ने महिला को सबवे (अंडरग्राउंड) रेलवे ट्रैक पर धक्का दे दिया। वह भी तब, जब सामने से तेज रफ्तार में ट्रेन आ रही थी। महिला इस दौरान उन तारों के पास जाकर गिरी थी, जिनमें करंट दौड़ रहा था। अच्छी बात यह रही कि उसकी जान बच गई। हालांकि, अचानक ट्रैक पर गिरने के कारण उसका हाथ टूट गया। मेट्रो पुलिस ने जानकारी पर उसे फौरन अस्पताल पहुंचाया। जबकि, आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। यह पूरी घटना प्लैटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जो अब सामने आई है। सोशल मीडिया पर लोग इसे तेजी से वायरल कर रहे हैं। मामला यहां के साओ पाऊलो शहर का है। मंगलवार दोपहर को ट्रेन जबाक्वारा से टुकुरुवी जा रही थी। यात्री प्लैटफॉर्म पर ट्रेन आने का इंतजार कर रहे थे। एक सफेद लिबास में शख्स तभी वहां आया। इधर, ट्रेन तेज रफ्तार में आ रही होती है। जैसे ही ट्रेन प्लैटफॉर्म के पास पहुंचती है। वह शख्स अपने आगे खड़ी महिला को धक्का दे देता है। शख्स की इस हरकत पर आसपास मौजूद लोग भी भौचक्क रह जाते हैं। महिला ट्रेन के आगे जाकर ट्रैक के बीच बनी जगह में गिरती है। आसपास कुछ तार भी होते हैं, जिनमें हाईवोल्टेज करंट होता है।

गनीमत थी कि इस दौरान उसे कुछ हुआ था। चूंकि वह ट्रैक के बीच में बनी जगह पर गिरी थी, इसलिए उसकी जान बच गई। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। महिला ने इस बाबत अपनी पहचान सार्वजनिक करने से इन्कार कर दिया। मामले की जांच-पड़ताल में जुटे अधिकारियों की मानें तो आरोपी शख्स की मानसिक हालत ठीक नहीं है।

साओ पाऊलो मेट्रो के प्रवक्ता ने इस बारे में कहा, “महिला रेल ट्रैक के बीच बनी जगह में गिरी थी, इसी वजह से वह बच गई। वह ट्रेन के सामने से गुजरी तो थी, मगर ट्रेन उसे छू नहीं
पाई थी। घटना की जानकारी होते ही स्टेशन की बिजली को काट दिया गया था, ताकि पीड़िता को शॉक न लगे।” ट्रेन गुजरने के बाद उसे वहां से डॉ. आर्थर रिबेरियो सबोया हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां वह अभी भी भर्ती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह अभी भी सदमे में बताई जा रही है। मेट्रो स्टेशन पुलिस ने धक्का देने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।