झारखंड के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र गोड्डा की डिप्टी कमिश्नर किरण कुमारी पासी की चर्चा जोरों पर है। लोग उनकी तारीफों के पुल बांध रहे हैं। सोशल मीडिया में उन्हें सलाम किया जा रहा है। लिखा जा रहा है कि जहां कुछ सक्षम लोग हल्की सर्दी-जुकाम के लिए भी प्राइवेट अस्पतालों का रुख करते हैं वहीं उन्होंने बच्चे को जन्म देने के लिए सरकारी अस्पताल को चुन मिसाल पेश की है।
IAS किरण कुमारी ने जिले के सदर अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया है। डॉक्टरों ने किरण कुमारी की सिजेरियन प्रॉसेस से डिलिवरी करवाई है। सरकारी अस्पताल में डिलिवरी कराने का फैसला खुद किरण कुमारी का था। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं। हॉस्पिटल के डॉक्टरों का कहना है कि दो दिनों तक जच्चा और बच्चा को अस्पताल में ही निगरानी के लिए रखा जाएगा फिर उनको डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
मीडिया से बात करते हुए अस्पताल के सिविल सर्जन एसपी मिश्रा ने IAS किरण कुमारी के इस फैसले को समाज के लिए नजीर बताया। उन्होंने कहा- प्रसव के बाद महिला का पुनर्जन्म होता है। आज के जमाने में जहां सक्षम लोग साधारण सर्दी-जुकाम का उपचार कराने के लिए भी महंगे निजी अस्पतालों का रुख करते हैं, वहां एक सक्षम अधिकारी के सरकारी अस्पताल में प्रसव कराने के फैसले से समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा।
सोशल मीडिया में भी लोग गोड्डा डीसी की तारीफ कर रहे हैं। झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर लिखा- किरण कुमारी पासी जी को संतान प्राप्ति के लिए अनेक-अनेक शुभकामनाएं। राज्य में चिकित्सा व्यवस्था सबल और सुदृढ़ करने हेतु आपका प्रयास प्रशंसनीय है।
वरिष्ठ पत्रकार रवीश कुमार ने लिखा- किरण कुमारी पासी को बधाई। आपने अपने बच्चे को जन्म देने के लिए सरकारी सदर अस्पताल को चुना। सिजेरियन के लिए कोई IAS सरकारी अस्पताल नहीं जाता। बच्चे को ख़ूब सारा प्यार और आपको सलाम। सिस्टम में भरोसा बहाल करना ही राष्ट्र निर्माण है। यह तस्वीर बहुत सुंदर है। हम किरण कुमार पासी और उनके नवजात शिशु के स्वास्थ्य और सुंदर भविष्य की कामना करते हैं।
.@dcgodda किरण कुमारी पासी जी को संतान प्राप्ति के लिए अनेक-अनेक शुभकामनाएं। राज्य में चिकित्सा व्यवस्था सबल और सुदृढ़ करने हेतु आपका प्रयास प्रशंसनीय है।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) March 1, 2020
@dcgodda आईएएस किरण कुमारी पासी के द्वारा सराहनीय पहल, जिन्होंने अपने बच्चे के जन्म के लिए सरकारी अस्पताल को चुना, साथ ही साथ नए मेहमान का हार्दिक स्वागतम।।।।।
pic.twitter.com/imCLeUjJfq— Sachin Mahto (@SachinMahto19) March 1, 2020
बता दें कि IAS किरण कुमारी की गिनती तेज तर्रार अधिकारी के तौर पर होती है। वह 2013 बैच की आइएएस हैं। साथी ही गोड्डा जिले की 48वीं डीसी हैं। गोड्डा डीसी किरण कुमारी दूसरी बार मां बनी हैं। इससे पहले भी उनकी डिलिवरी सिजेरियन ही हुई थी।

