बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता शशि कपूर का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को निधन हो गया। शशि कपूर पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। मुंबई के कोकिला बेन अस्पताल में शशि कपूर ने अंतिम सांसें लीं। शशि कपूर ने अपने करियर में 160 फिल्मों (148 हिंदी और 12 अंग्रेजी) में काम किया। वे 79 वर्ष के थे। शशि कपूर की मौत की खबर सुन उनके चाहने वाले सदमे में हैं। सोशल मीडिया पर लोग अपने चहेते अभिनेता को याद कर रहे हैं। दिग्गज क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने भी इस वेटरन एक्टर के निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त की है। वीरेंद्र सहवाग ने ट्विटर पर शशि कपूर और अमिताभ बच्चन की फिल्म दीवार की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि आप भविष्य के कलाकारों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे। सहवाग ने शशि कपूर के मशहूर डायलॉग ‘मेरे पास मां है’ के जरिए इस दिग्गज कलाकार को अपनी श्रद्धांजलि दी।
One of the most iconic dialogues ever, #ShashiKapoor . You will continue to inspire future generation of actors. Condolences to family and friends. pic.twitter.com/QBoLf7IlPb
— Virender Sehwag (@virendersehwag) December 4, 2017
60 और 70 के दशक में उन्होंने जब-जब फूल खिले, कन्यादान, शर्मीली, आ गले लग जा, रोटी कपड़ा और मकान, चोर मचाए शोर, दीवार कभी-कभी और फकीरा जैसी कई हिट फिल्में दी। शशि कपूर को तीन बार नेशनल अवॉर्ड मिल चुका है। 1979 में शशि द्वारा निर्मित फिल्म जुनून को बेस्ट फीचर फिल्म अवॉर्ड मिला। 1986 में फिल्म न्यू देल्ही टाइम्स के लिए बेस्टर एक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिला। 1994 में फिल्म ‘मुहाफिज’ के लिए स्पेशल ज्युरी अवॉर्ड भी मिल चुका है।
1984 में पत्नी जेनिफर की कैंसर से मौत के बाद शशि कपूर काफी अकेले रहने लगे थे और उनकी तबीयत भी बिगड़ती गई। बीमारी की वजह से शशि कपूर ने फिल्मों से दूरी बना ली। साल 2011 में शशि कपूर को भारत सरकार ने पद्म भूषण से सम्मानित किया था। 2015 में उन्हें दादा साहेब पुरस्कार भी मिल चुका था।