सऊदी अरब का एक वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इसमें दिखाया गया है कि एक स्टंट मैन गाड़ी से इतनी बुरी तरह गिरता है कि उसकी जान पर बन आती है। किस्मत अच्छी होने की वजह से वह किसी तरह बच जाता है। वीडियो में दिखाया गया है कि एक शख्स बड़ी तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा होता है। अचानक से चलती गाड़ी का गेट खुलता है और वह शख्स गाड़ी के बाहर आकर गिरता है। वीडियो देखकर साफ पता लगता है कि गाड़ी पर उसका कोई कंट्रोल ही नहीं था। वह गाड़ी के टायर के नीचे आने से थोड़ा सा ही बचता है। मिली जानकारी के मुताबिक, स्टंट मैन गाड़ी को ड्रिफ्ट करने की कोशिश में अपना बैलेंस खो देता है। DECCAN CHRONICLE की खबर के मुताबिक, सऊदी के युवाओं में रेसिंग के लिए क्रेज बढ़ता जा रहा है।
खबर में बताया गया है कि सऊदी में ऐसे लोगों को रोकने के लिए सरकार ने काफी सख्त कानून भी बना रखे हैं। वहां जब कोई पहली बार स्टंट करता दिखता है तो उससे 20,000 रियाल फाइन लिया जाता है और वाहन भी 15 दिन के लिए जब्त कर लिया जाता है। वहीं जब शख्स दूसरी बार पकड़ा जाता है तो 40,000 रुपए फाइन लिया जाता है और वाहन को एक महीने के लिए बंद कर दिया जाता है। वहीं तीसरी बार पकड़े जाने पर 60,000 रियाल जुर्माना और वाहन हमेशा के लिए जब्त कर लिया जाता है।
वहीं जो लोग किराए या फिर चोरी की गाड़ी से स्टंट करते हुए पकड़े जाते हैं उनसे ज्यादा फाइन लिया जाता है। यह फाइन हमेशा से इतना नहीं था। इसे हाल ही में बढ़ाया गया है। पहले फाइन 1000 रियाल, 1,500 रियाल और 2,000 रियाल था।