टेस्ट क्रिकेट से रिटायर होने के बाद पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के पास परिवार को देने के लिए अब ज्यादा वक्त है। फील्ड पर धोनी की स्किल्स के दीवानों की कमी नहीं, मगर हाल के दिनों में उनकी पत्नी साक्षी ने धोनी के व्यक्तित्व की जो झलकियां दिखाई हैं, सोशल मीडिया पर उसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं। हफ्ते भर पहले धोनी का एक वीडियो आया था जिसमें वह 2011 में आई हिंदी फिल्म ‘देसी ब्वॉयज’ के गाने पर नाच रहे थे। साक्षी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक और वीडियो पोस्ट किया है जिसमें धोनी फ्लाइट में फैंस से बचते दिख रहे हैं। खुद को छिपाने के लिए धोनी कंबल का सहारा लेते हैं। अगले वीडियो में वे एक किनारे में खड़े हैं और साक्षी उनका मजाक उड़ा रही हैं। धोनी के चेहरे के भाव लोगों को भा रहे हैं। इस वीडियो को दो दिन के भीतर इंस्टाग्राम पर 3.36 लाख लोग देख चुके हैं। देखें वीडियो:
धोनी ने 90 टेस्ट की 144 पारियों में 4876 रन बनाए थे। वहीं, वनडे में 309 मैच खेलकर माही 9,826 रन बना चुके हैं। टी20 में धोनी के नाम पर 1,281 रन हैं। हाल ही में कई पूर्व क्रिकेटरों ने धोनी के टी20 प्रदर्शन पर सवाल खड़े किए थे। ऐसा न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज के दूसरे मैच में बड़ा स्कोर चेज न कर पाने की वजह से हुआ।
धोनी के रिटायरमेंट के बाद कप्तान बने विराट कोहली की अगुवाई में भारतीय टीम गुरुवार (16 नवंबर) से कोलकाता के ईडन गार्डंस मैदान में श्रीलंका से भिड़ेगी। तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला का यह पहला मैच होगा। भारत श्रीलंका में जाकर श्रीलंका का सूपड़ा साफ कर चुका है। अपने घर में भी वही प्रदर्शन दोहरा कर भारत दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए आत्मविश्वास बढ़ाना चाहेगा।