वर्कप्लेस पर महिलाओं के उत्पीड़न की खबरें अकसर सुनने को मिलती रहती हैं। ऐसे मामलों का ताजा उदाहरण है द वायरल फीवर के सीईओ अरुनाभ कुमार का। ये कोई ऐसा पहला मामला नहीं है इससे पहले भी ऐसी खबरें सामने आती रही हैं। कई बार महिलाएं अपने साथ हुए ऐसे किस्सों को किसी से शेयर नहीं करती हैं, उन्हें लगता है कि उनकी आवाज कोई नहीं सुनेगा। लेकिन बहुत सी लड़कियां ऐसी भी होती हैं जो अपने साथ हो रहे किसी भी अनैतिक व्यवहार के लिए आवाज उठाने से नहीं चूकती हैं। अरुनाभ वाले मामले में भी पीडित लड़की ने सोशल मीडिया के जरिये अपनी आवाज उठाई है। इसी को लेकर कुछ समय पहले एक शॉक्ट फिल्म बनाई गई थी जिसे आजकल सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है।
इस वीडियो को यू ट्यूब पर ‘लेट द वॉयस बी योर्स’ के नाम से डाला गया है। 3 मिनट और 53 सेकेंड के इस वीडियो के कैप्शन में लिखा गया है कि, ‘एक महिला बदलाव ला सकती है…लेकिन साथ मिलकर, हम दुनिया पर राज कर सकती हैं। दिमाग में जो भी है उसे बोलिए…भले ही आपकी आवाज कांप रही हो। बोलिए, विरोध में आवाज उठाइए।’
7 मार्च को अपलोड किये गए इस वीडियो को अब तक लगभग 20 लाख लोग देख चुके हैं। इस वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे एक महिला कर्मचारी अपने बॉस की अक्ल ठिकाने लगाती है। इस लड़की का बॉस उससे काम के बहाने उसके कपड़ों के अंदर झांकने की कोशिश करता है। लड़की अपने बॉस की नीयत और उसके इशारों को भांप जाती है। उसके बाद तो वो लड़की उसे ऐसा सबक सिखाती है कि वो शायद ही जिंदगी भर भूल पाए।

