थाईलैंड में एक लाइव शो का वीडियो सामने आया है, जिसमें मगरमच्छ के साथ उसका हैंडलर शो दिखा रहा था, लेकिन शो के बीच इतना खतरनाक मोड़ आ जाएगा। यह न दर्शकों ने और न ही उस हैंडलर ने सोचा होगा। वीडियो में मगरमच्छ और उसका हैंडलर शो दिखाते हुए नजर आ रहे हैं। मगरमच्छ एक किनारे पर अपना मुंह खोले हुए बैठा हुआ है। इसी दौरान उसका ट्रेनर उसके सामने करतब दिखाता है। वह मगरमच्छ के सामने कुछ मूव्स दिखाता है। अचानक से मगरमच्छ हैंडलर की इस हरकत से गुस्सा जाता है और सीधा उसका हाथ मुंह में भर लेता है। इस हमले की कल्पना से अंजान हैंडलर तुरंत अपना हाथ छुड़ाने की कोशिश करता है। इस दौरान मगरमच्छ उसे पकड़कर पटक देता है। हालांकि हैंडलर अपना हाथ छुड़ाने में कामयाब रहता है।
इस हैरान कर देने वाली घटना का फुटेज थाई न्यूज चैनल Matichon Online ने पोस्ट किया था। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि हैंडलर एक गड्ढे जैसे बने तालाब में खड़ा हुआ है और उसके चारों ओर कुछ और मगरमच्छ है। उसे पूरे एरिया के दूसरी तरफ दर्शक बैठे हुए हैं। हैंडलर अपने एक्ट के दौरान अपना हाथ मगरमच्छ के सामने लहराता है, लेकिन वह कुछ नहीं करता है। थोड़ी देर बाद हैंडलर अपने हाथ को जानवर की नाक पर रखता है। जिसके बाद मगरमच्छ गुस्सा जाता है। अगली बार जैसे ही हैंडलर मगरमच्छ के मुंह में हाथ डालता है वह तुरंत उसका हाथ पकड़ लेता है और उसे उठाकर पटक देता है। इस दौरान वह खुद भी पूरा उल्टा हो जाता है। हैंडलर हाथ छुड़ाने में कामयाब रहता है।
इस हमले से हैरान हैंडलर अपने हाथ को धीरे-धीरे सहलाता है। इस दौरान वीडियो में किसी के चीखने की आवाज भी सुनाई देती है। हालांकि यह पता नहीं चला कि यह आवाज हैंडलर की थी या फिर दर्शकों में बैठे किसी शख्स की। यह साफ नहीं हो सका है कि यह हमला कब और कहां हुआ, लेकिन माना जा रहा है कि यह वीडियो थाईलैंड में शूट किया गया है।

