दहेज की मांग और शारीरिक कमी के चलते रिश्‍ते टूटना भारत में आम बात है। मगर यूपी के मैनपुरी में एक लड़की ने शादी के लिए आए एक लड़के का हिन्‍दी में टेस्‍ट लिया। फेल होने पर शादी से साफ इनकार कर दिया। टाइम्‍स ऑफ इंडिया रिपोर्ट के अनुसार, लड़की ने लड़के से हिन्दी के कुछ शब्‍द जैसे ‘साम्‍प्रदायिक’ और ‘दृष्टिकोण’ लिखने को कहा। मगर लड़का सही शब्‍द नहीं लिख पाया तो शादी की बात नहीं हो पाई। पड़ोसियों को इस बात की जानकारी हुई तो उन्‍होंने मध्‍यस्‍थता की कोशिश की। मामला मैनपुरी कुरावली के क्षेत्र से जुड़ी लड़की का है। परिजनों ने उसका रिश्ता फर्रुखाबाद में तय किया था। सारी बातें पक्की हो गईं। इसके बाद 12वीं पास लड़के और उसके परिजनों ने 5वीं पास लड़की को देखने की इच्छा जताई।

दोनों लोग सोमवार को मैनपुरी के नुमाइस ग्राउंड में मिले। वह दोनों अपने परिवारों के साथ निश्चित जगह पर पहुंच गए। यहां बातचीत का दौर शुरू हुआ। इस बीच लड़के ने अपने बैग से डायरी और पेन निकालकर लड़की को दिया और उससे कुछ हिंदी के शब्द लिखने के लिए कहा। लड़के ने जो भी शब्द बोले लड़की ने सही सही सभी शब्द लिख दिए। इसके बाद लड़के ने उस लड़की से शादी की मंजूरी दे दी। फिर इसके बाद लड़की ने टेबल घुमाकर लड़के की तरफ कर दी और पेन और पेपर लड़के के हाथ मे थमा दिए।

फिर लड़की ने लड़के से साम्‍प्रदायिक, दृष्टिकोण और परिश्रम लिखने के लिए कहा। साथ ही घर का पता लिखने के लिए भी कहा था। जब लड़के की डायरी देखी तो पाया कि सभी तीनों शब्द गलत लिखे हैं और घर का पता भी गलत लिखा है। इसके बाद लड़की ने शादी के लिए मना कर दिया। इसके बाद रिश्तेदारों और परिजनों ने लड़की को शादी के लिए मनाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद दोनों परिवार अपने-अपने घर वापस लौट गए।