सीनियर पत्रकार रवीश कुमार का आधिकारिक ट्विटर अकाउंट रविवार (11 दिसंबर) को हैक हो गया। जिस ग्रुप में रवीश का ट्विटर अकाउंट हैक किया उसका नाम Legion है। रवीश से पहले उनकी साथी पत्रकार बरखा दत्त का अकाउंट भी हैक हुआ था। रवीश के ट्विटर अकाउंट को हैक करके Legion ने लिखा, ‘हम ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने के लिए ट्विटर अकाउंट हैक करते हैं। बस इसलिए नहीं कि जाएं और जानकारी लेकर आ जाएं।’ Legion ने आगे धमकी भरे अंदाज में कहा कि अगली बार ललित मोदी से जुड़ी जानकारी दी जाएंगी। हालांकि, यह नहीं कहा गया कि वह जानकारी ललित मोदी का ट्विटर हैक करके दी जाएंगी या फिर किसी और का। हालांकि, जानकारी मिलते ही रवीश के ट्विटर से वे ट्वीट हटा लिए गए। इससे पहले यही ग्रुप कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, इंडियन नेशनल कांग्रेस और विजय माल्या का ट्विटर अकाउंट हैक कर चुका है।

हैकर्स ने इससे पहले बरखा दत्त के अकाउंट को भी हैक किया था। उन्होंने बरखा की ईमेल आईडी और पासवर्ड लोगों के बीच शेयर कर दिए थे। इसके अलावा अपनी जीत के जयकारे भी legion ने लगाए। कुछ ट्वीट में अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया गया था। साथ ही यह भी कहा गया कि जिन लोगों से पास कुछ भी महत्वपूर्ण जानकारी हो तो वह उसे legion_group@sigaint.org पर मेल कर सकते हैं।

इससे पहले 9 दिसंबर को ग्रुप ने विजय माल्या का अकाउंट हैक किया था। legion ने माल्या के ट्विटर अकाउंट से कई आपत्तिजनक ट्वीट पोस्ट किए। हैकरों ने कुछ लिंक देकर कहा कि उस लिंक से माल्या की निजी संपत्ति, कारोबार, पासपोर्ट इत्यादि की जानकारी ली जा सकती है। हैकरों ने माल्या के ट्वीटर को दो विदेशी पते और दो फोन नंबर देकर दावा किया था कि वो माल्या के हैं। हैकर ने माल्या के आधिकारिक अकाउंट से ट्विट किया था, “लीजियन तुम्हें खोज लेगा, तुम्हें हैक करेगा, तुम्हें बेनकाब कर देगा। क्या तुम सचमुच हमसे पंगा लेना चाहते हो?”