अपनी जरूरत से ज्यादा खाना 20 फिट के एक अजगर को महंगा पड़ गया। इस अजगर की तब मौत हो गई जब यह एक नीलगाय को निगल गया। यह घटना जूनागढ़ जिले के भालियावाड़ गांव के पास गिर वाइल्डलाइफ सेंक्चुअरी की है। गुजरात फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों ने अजगर को सड़क पर पड़ा पाया गया। उसका पेट असामान्य रुप से फूला हुआ था। अजगर को देखकर साफ पता चल रहा था कि उसने अपनी क्षमता से ज्यादा खा लिया है और उसे पचाने में असमर्थ है। गुजरात के उप वन संरक्षक आर सेंथिलकुमाबरन ने बताया कि जैसे ही वन विभाग को इस बात की खबर लगी वैसे ही विभाग मौके पर पहुंचा। कुमारन ने आगे बताया कि अजगर ने एक पूरी नीलगाय निगल ली थी जिस वजह से इसे अंदरूनी चोटें आई थीं।
उन्होंने आगे कहा कि अजगर एक बार अपना खाना खाने के बाद कई हफ्तों तक उसे पचाता है और लंबे समय तक दुबारा खाना नहीं खाता। इस घटना के बाद अजगर को सबसे पहले एक किसान ने देखा और वन अधिकारियों को टेलीफोन मेसेज के जरिए सूचित किया। जिसके तुरंत बाद हमने एक रेस्क्यू टीम भेजी। इसके बाद हमें पता चला कि अजगर ने एक नीलगाय खा ली है और पचाने में उसे मुश्किलें आ रही हैं। इस अजगर की लंबाई 18 से 20 फिट थी और यह नीलगाय को पचा नहीं पाया जिसके बाद इसकी मौत हो गई। शिकार का साइज अजगर की पाचन क्षमता की अपेक्षा काफी ज्यादा था इस वजह से अजगर उसे पचा नहीं पाया और अंतत: उसने दम तोड़ दिया।
https://www.youtube.com/watch?time_continue=2&v=4QaWcYTLDPc