अमेरिका में छेड़छाड़ कर रहे एक युवक को महिला ने खूब सबक सिखाया। घटना यहां के एक रेस्टोरेंट के अंदर की है। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। (वीडियो आप नीचे देख सकते हैं) वीडियो में नजर आ रहा है कि रेस्टोरेंट के अंदर महिला वेटर अपने काम में व्यस्त है। इस बीच एक युवक महिला को पीछे से छू कर भागने की कोशिश करता है। लेकिन इस महिला ने दिलेरी दिखाते हुए इस युवक को वहीं धर दबोचा। इतना ही नहीं इस महिला ने धक्का देकर इस युवक को वहां एक कुर्सी पर बैठा दिया। इसके बाद इस महिला ने आरोपी युवक को जमकर खरी-खोटी भी सुनाई।
होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज में यह पूरी घटना कैद हो गई है। जानकारी के मुताबिक यह घटना 30 जून की रात 11 बजे की है। यह महिला हर रोज की तरह इस दिन भी रेस्टोरेंट में अपना काम कर रही थी। उसी वक्त लाल-टीशर्ट में मौजूद एक शख्स रेस्टोरेंट के अंदर उसके बिल्कुल पास से गुजरता है और फिर उसे गलत तरीके से टच कर भागने की कोशिश करता है। लेकिन महिला युवक का कॉलर पकड़कर उसे सबक सिखा देती है। इतना ही नहीं इस महिला ने वहां पुलिस को भी बुला लिया। पुलिस ने इस शख्स को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
महिला से छेड़छाड़ करने वाले शख्स का नाम रयान चरविंस्की बतलाया जा रहा है। रयान रेस्टोरेंट में अपनी पत्नी और बच्चे के साथ खाना खाने आया था। पत्नी और बच्चों के सामने ही पुलिस उसे पकड़कर ले गई। दो दिनों तक जेल में रखने के बाद रेयान को छोड़ दिया गया। इस घटना का वीडियो रेडिट पर शेयर किया गया और देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया। फिलहाल सभी लोग इस महिला की बहादुरी की प्रशंसा कर रहे हैं।
देखें वीडियो :