विश्व हिंदू परिषद की नेता साध्वी प्राची के नाम एक ‘भारतीय मुसलमान का मैसेज’ इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे इस मैसेज में एक युवक की ऑडियो है, जिसमें वह अपने आपको एक हिंदुस्तानी मुसलमान बता रहा है। साथ ही उस युवक ने यह भी दावा किया कि उन्होंने साध्वी प्राची को कॉल किया लेकिन उन्होंने कहा कि वे अभी बिजी है, ऐसे में उन्होंने व्हॉट्सऐप पर ऑडियो मैसेज छोड़ दिया। ऑडियो में युवक साध्वी प्राची को संबोधित करते हुए कह रहा है कि आप कहती हैं कि हमने कांग्रेस मुक्त भारत तो बना दिया, अब मुसलमान मुक्त भारत बनाना चाहते हैं। यह सुनकर काफी दुख हुआ तो मैंने सोचा कि आपसे से डायरेक्ट बात की जाए।
ऑडियो में युवक ने कहा, ‘आपने कहा कि मुस्लिम मुक्त भारत बनाएंगे। हम चले जाएंगे। आप देश को मुसलमान मुक्त करना चाहती हैं। बेशक करिए। हम खुद उस देश में नहीं रहना चाहेंगे, जहां बेगुनाह मुसलमानों को आतंकवादी बनाकर जेलों में सड़ा दिया जाता है और फिर 20 साल बाद कहा जाता है कि आप बेगुनाह हैं। आप जैसे लोग हमारी कौम पर सवाल उठाते हैं। हमारे मजहब को गालियां देते हैं। हमारी देशभक्ती और देशप्रेम पर रोज उंगलियां उठाते हैं। हमें पाकिस्तानी और आतंकवादी कहते हैं। हमें ऐसे देखा जाता है कि हम इस मुल्क के नागरिक नहीं, बल्कि बोझ हैं।’
भारत में मुसलमानों के योगदान पर ऑडियो में कहा गया है, ‘आपने कहा कि हम चले जाएंगे। हम ऐसे नहीं जाएंगे। हम जाएंगे तो वो सब कुछ लेकर जाएंगे जो सदियों से पीढ़ी दर पीढ़ी इस देश को दिया है। हमने तो कभी याद भी नहीं रखा कि हमनें क्या-क्या दिया है। वतनपरस्ती हमारे इमान का एक अहम हिस्सा है। इस देश की मिट्टी में हमारी कई पीढ़ियां दफन हुई हैं। मिट्टी ने हमें जिंदगी दी है, हमें जीना सिखाया है। हमने हमारी इबातगाहों से मुल्क की बेहतरी के लिए दुआएं मांगी है। इस मिट्टी ने हमारे बचपन की शरारतें देखी हैं। हमें इस मिट्टी से प्रेम हैं और आपको तो जरा सी भी नहीं होगा।’
यहां सुनें पूरा ऑडियो-
साध्वी को शैतान बताते हुए ऑडियो में कहा गया है, ‘हम चले जाएंगे, इनकार नहीं करेंगे। लेकिन थोड़ा रुक जाइए, हिसाब कर लेने दीजिए, हमें हमारी चीजें समेट लेने दीजिए। ताजमहल, कुतुबमीनार, लाल किला और हजारों बेजोड़ चीजें लेकर चले जाएंगे। हमें शेरशाह सूरी के बनाए रास्ते, बिस्मिल्लाह खान की शहनाई की धुन, जाकिर हुसैन के तबले की थाप, एआर रहमान का म्यूजिक दे दीजिए। मैं जानता हूं कि शैतान की उम्र लंबी होती है, लेकिन आपकी निकल जाएगी। हम आपको ‘सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा’ बिल्कुल भी नहीं बोलने देंगे। हम गंगा नदी के किनारे बसे सभी कालीन बुनकरों को साथ ले जाएंगे। अलीगढ़ के ताले तुम्हारे दरवाजे पर पहरा नहीं देंगे। वे हमारे बनाए हुए हैं, हम क्यों छोड़ दें। हम शाहरुख, सलमान और आमिर खान सहित उन सभी मुस्लिम हस्तियों को साथ ले जाएंगे जो इस देश का गौरव है।’
साथ ही कहा गया है, ‘हमारे बच्चों का वह वक्त जो उन्होंने रामलीला देखते हुए बिताया है, वह हमें लौटा दीजिए। हमें लौटाइए हमारी कौम का वह अभिनय जो वे सदियों से रामलीला में करते आए हैं। बहुत लंबी लिस्ट है। यह तो बस ट्रेलर है। आइए हिसाब कर लें। हम भी देख लें कि आपकी औकात में हमें इस देश से निकालकर हमें हमारी चीजें लौटाने की है या नहीं। जिस दिन इस देश से हमारी चीजें लौटाने की औकात आ जाए, उस दिन हमें निकाल देना। विश्वास करो हम देश को छोड़ देंगे। बिल्कुल नहीं रहेंगे। हालांकि, हमारे बुजुर्गों ने जो खून बहाया है, वह खून वापस लेंगे। हम जानते हैं यह आपकी औकात में ना कभी था, ना है और ना ही रहेगा। कोई भी नहीं कर सकता यह सब। क्योंकि यह वतन हमारा है और हमारा रहेगा। हम मुसलमान हैं जिस दिन वतनपरस्ती से गिर जाएंगे, उस दिन हमारा इमान भी चला जाएगा।’

