बिहार के बेगूसराय जिले में एक शख्स को लड़की को किस करना भारी पड़ गया। किस करने के एवज में उसे 20 हजार रुपए चुकाने का आदेश दिया गया इब्राहिमपुर गांव में एक युवक ने बिना लड़की के इजाजत के उसे किस कर लिया। जब यह घटना हुई उस समय लड़की अपने घर जा रही थी। तभी मोहम्मद इरशाद नाम के शख्स ने कथित तौर पर उसके गाल पर दो किस कर लिए। लड़के की हरकत से परेशान और अपमानित महसूस कर रही लड़की ने इस बात की जानकारी अपने परिवारवालों को दी। परिजनों ने यह बात पंचायत को बताई। जिसके बाद मामले को हल करने के लिए पंचायत बुलाई गई।
बुधवार (4 मई) को पंचायत के सदस्य एकत्र हुए और दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद लड़के को जुर्माना भरने के लिए कहा गया। लड़के के घरवाले पंचायत का आदेश मान लिया और हर्जाना देने पर सहमत हो गया, लेकिन लड़की ने पैसे लेने से इनकार कर दिया। लड़की ने अपने परिवार और खुद को सामाजिक कलंक से बचाने के लिए आरोपी से शादी करने की मांग की। लड़की ने गल्फ न्यूज से कहा कि आरोपी की वजह से समाज में उसकी बहुत बदनामी हुई और उसे मुझसे शादी करनी होगी। लड़का हर्जाना देने के लिए स्वतंत्र है, लेकिन मुझसे शादी कौन करेगा? यह जुर्माना मुझे कबूल नहीं है।
हालांकि किस करने वाले शख्स ने पीड़िता की इच्छा मानने से मना कर दिया। वह लड़की से शादी करने के लिए तैयार नहीं है। इसके बाद लड़की के परिवारवाले पुलिस के पास पहुंचे और पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पीड़िता को भरोसा दिया है। पुलिस का कहना है कि उन्हें इस घटना के बारे में जानकारी प्राप्त हुई और मामले की जांच की जा रही है। जांच खत्म होने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

