ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वॉर्न को जानवरों से लगाव है। यह बात हाल ही में उनके एक ट्वीट से जगजाहिर हुई है। उन्होंने कुत्ते से बदसलूकी का एक वीडियो साझा किया है, जिसमें उस पर ज्यादती की जा रही थी। क्लिप में एक शख्स कुत्ते को बुरी तरह पीट रहा था, जबकि दूसरा शख्स मजे लेते हुए घटना को रिकॉर्ड कर रहा था। पूर्व कंगारू क्रिकेटर ने इसी पर कहा कि उन्हें इस पर बहुत गुस्सा आया। कृपया इस कुत्ते को ढूंढे और आरोपी से बचा लें। वॉर्न ने कुत्ते से बदसलूकी की जो क्लिप साझा की, उसे नतालिया बास्तिदास के हैंडल से 30 मार्च को एक ट्वीट किया गया।
वीडियो के साथ किए गए इस ट्वीट के कैप्शन में लिखा था, “हर कोई इसे शेयर करे, ताकि इस हैवान को पकड़ा जा सके।” वीडियो कार में बैठा एक शख्स इसमें कुत्ते को गोद में लिए था। पास में दूसरा युवक कैमरा लेकर वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। लाल रंग के कपड़े में बैठा शख्स बार-बार कुत्ते को बेरहमी से पीट रहा था। कभी वह उसके सिर पर वार करता तो कभी उसके तमाचे मार रहा था। हाथ में दर्द होने के बाद भी वह कुत्ते पर हमला करता रहा, जबकि दूसरा शख्स इस दौरान हंस रहा था।
ये रहा वॉर्न का ट्वीट-
This made me so angry. Please find this low life & let’s get him put away ! https://t.co/n8BBDGER66
— Shane Warne (@ShaneWarne) April 1, 2018
टि्वटर यूजर्स और क्रिकेट फैंस ने वॉर्न के इस ट्वीट पर अपनी राय दी। लोगों ने कहा कि अगर कोई इस पीड़ित कुत्ते के बारे में पता लगा ले तो हम उसकी मदद करेंगे। लोगों ने इसी के साथ आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठाई।
वहीं, एक शख्स ने कहा कि यह घटना ईरान की है, जिसमें पिटाई के थोड़ी देर बाद ही कुत्ते ने दम तोड़ दिया। हालांकि, अभी तक इस बारे में किसी प्रकार की पुष्टि नहीं हुई है।