दिल्ली के राजौरी गार्डन उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की जमानत जब्त होने के बाद पार्टी के अंदर से बगावत के सुर नजर निकलने लगे हैं। अब पार्टी के अंदर की बात तो पार्टी के लोग ही अच्छी तरह समझते होंगे लेकिन कुमार विश्वास के ट्वीट ने हर किसी को ऐसा सोचने पर मजबूर कर दिया है। आज चुनाव परिणाम आने के बाद कुमार विश्वास ने दो ट्वीट किये। दोनों ट्वीट में कुमार विश्वास कुछ संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं। अगर उनके इन दोनों ट्वीट का सार निकाला जाए तो लगता है कि वो पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को कोई संदेश देना चाह रहे हैं।

कुमार विश्वास ने पहला ट्वीट किया दोपहर 12:30 के लगभग। उन्होंने अब्बास ताबिश की एक शायरी – ‘पानी आँख में भर कर लाया जा सकता है, अब भी जलता शहर बचाया जा सकता है’ पोस्ट की। इस ट्वीट पर जिस तरह के कमेंट्स आ रहे हैं उससे साफ लग रहा है कि कुमार विश्वास केजरीवाल से कह रहे हैं कि अब भी वक्त है संभलने का।

डॉ. कुमार विश्वास ने शाम 5:30 बजे के लगभग एक और ट्वीट किया। इस बार ट्वीट संस्कृत भाषा में था। उन्होंने संस्कृत में लिखा कि अगर हमेशा चापलूसों की सुनेंगे तो हार निश्चित है। मीठा बोलने वाले कभी आपको भला नहीं कर सकते हैं।

 

आपको बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनावों के वक्त से ही कुमार विश्वास और अरविंद केजरीवाल के बीच अनबन की खबरें आ रही हैं। बताया जाता है कि इन दोनों साथियों के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। बीच में तो ये खबरें भी आई थीं कि कुमार विश्वास ने आम आदमी पार्टी छोड़ दी है। हालांकि वो खबर तो सही नहीं निकली लेकिन राजनीति के जानकार मान रहे हैं कि अगर धुआं उठ रहा है तो थोड़ी बहुत आग जरूर है।