दिल्ली के राजौरी गार्डन उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की जमानत जब्त होने के बाद पार्टी के अंदर से बगावत के सुर नजर निकलने लगे हैं। अब पार्टी के अंदर की बात तो पार्टी के लोग ही अच्छी तरह समझते होंगे लेकिन कुमार विश्वास के ट्वीट ने हर किसी को ऐसा सोचने पर मजबूर कर दिया है। आज चुनाव परिणाम आने के बाद कुमार विश्वास ने दो ट्वीट किये। दोनों ट्वीट में कुमार विश्वास कुछ संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं। अगर उनके इन दोनों ट्वीट का सार निकाला जाए तो लगता है कि वो पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को कोई संदेश देना चाह रहे हैं।
कुमार विश्वास ने पहला ट्वीट किया दोपहर 12:30 के लगभग। उन्होंने अब्बास ताबिश की एक शायरी – ‘पानी आँख में भर कर लाया जा सकता है, अब भी जलता शहर बचाया जा सकता है’ पोस्ट की। इस ट्वीट पर जिस तरह के कमेंट्स आ रहे हैं उससे साफ लग रहा है कि कुमार विश्वास केजरीवाल से कह रहे हैं कि अब भी वक्त है संभलने का।
पानी आँख में भर कर लाया जा सकता है,
अब भी जलता शहर बचाया जा सकता है (अब्बास ताबिश)— Dr Kumar Vishvas (@DrKumarVishwas) April 13, 2017
डॉ. कुमार विश्वास ने शाम 5:30 बजे के लगभग एक और ट्वीट किया। इस बार ट्वीट संस्कृत भाषा में था। उन्होंने संस्कृत में लिखा कि अगर हमेशा चापलूसों की सुनेंगे तो हार निश्चित है। मीठा बोलने वाले कभी आपको भला नहीं कर सकते हैं।
सुलभाः पुरुषा राजन् सततं प्रियवादिनः।
अप्रियस्य च पथ्यस्य वक्ता श्रोता च दुर्लभः।।— Dr Kumar Vishvas (@DrKumarVishwas) April 13, 2017
आपको बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनावों के वक्त से ही कुमार विश्वास और अरविंद केजरीवाल के बीच अनबन की खबरें आ रही हैं। बताया जाता है कि इन दोनों साथियों के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। बीच में तो ये खबरें भी आई थीं कि कुमार विश्वास ने आम आदमी पार्टी छोड़ दी है। हालांकि वो खबर तो सही नहीं निकली लेकिन राजनीति के जानकार मान रहे हैं कि अगर धुआं उठ रहा है तो थोड़ी बहुत आग जरूर है।

