अभिनेता रॉनित रॉय और केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी की एक तस्वीर इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इन दोनों की फ्लाइट में मुलाकात हुई, जिसके बाद रॉनित ने यह फोटो क्लिक कर अपने ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट कर दी। राजनीति में आने से पहले केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी कई टीवी सीरियल्स का हिस्सा रही थीं, जिनमें से एक ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ था। इसी सीरियल में इरानी ने तुलसी और रॉनित रॉय ने उनके पति मिहिर का किरदार निभाया था। साथ काम करने के इतने वर्षों बाद जब दोनों एक फ्लाइट में मिले तो यह लम्हा कैद करने से रॉनित खुद को रोक नहीं पाए। रॉनित ने इस तस्वीर का कैप्शन लिखा-क्या चांस है, स्मृति इरानी से फ्लाइट में मिलकर बहुत अच्छा लगा।
यह सीरियल एकता कपूर ने बनाया था और कई वर्षों तक इरानी ने तुलसी का मशहूर किरदार निभाया था, जो आज भी लोगों के जहन में ताजा है। बता दें कि सास भी कभी बहू थी भारतीय टीवी के इतिहास में सबसे ज्यादा समय तक चलने वाले सीरियल्स में से एक है। यह शो साल 2000 से लेकर 2008 तक चला था।
What are the chances??!!!
So lovely to meet @smritiirani in the flight pic.twitter.com/un7eNOd3oc— Ronit Bose Roy (@RonitBoseRoy) April 1, 2017
शो में शानदार अभिनय के कारण स्मृति इरानी को लगातार 5 पांच वर्षों तक इंडियन टेलीविजन अकेडमी का बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला था। उन्हें चार बार इंडियन टेली अवॉर्ड्स से भी नवाजा गया था। एकता कपूर से मतभेद के चलते उन्होंने जून 2007 में शो छोड़ दिया था, जिसके बाद गौतमी कपूर ने उनकी जगह ली थी। हालांकि एक साल बाद एक स्पेशल एपिसोड (मई 2008) के लिए उनकी शो में वापसी हुई थी। वहीं टीवी पर शानदार कामयाबी मिलने के बाद रॉनित रॉय ने बॉलिवुड का रुख किया।
उन्होंने 2010 में आई फिल्म उड़ान में अभिनय किया, जिसके चलने उन्हें कई बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर के अवॉर्ड से नवाजा गया। इसके अलावा रॉनित ने निर्देशक अनुराग कश्यप की फिल्म-That girl in yellow boots, करन जौहर की फिल्म स्टूडेंट अॉफ द ईयर, दीपा मेहता की फिल्म मिडनाइट चिल्ड्रन, संजय गुप्ता की शूटआउट एेट वडाला, अनुराग कश्यप की अग्ली बॉस और 2 स्टेट्स में शानदार अभिनय किया था।

