भारतीय कंपनी Zebronics ने अपना पहला Alexa Smart Speaker लॉन्च कर दिया है, जिसका नाम ZEB- Smart Bot है। इसकी कीमत 3699 रुपये है। इसे ईकॉमर्स साइट अमेजन और जेब्रानिक्स वेबसाइट से खरीदा जा सकता है। इस स्मार्ट स्पीकर को वॉयस कमांड से नियंत्रित किया जा सकता है और पसंदीदा गाने प्ले किए जा सकते हैं। साथ ही आप अपने कुछ डिवाइसों को कंट्रोल भी कर सकते हैं।

ZEB-Smart Bot स्मार्ट स्पीकर में media/volume कंट्रोल्स बटन मिलेंगे, जो ऊपर की तरफ दिए गए हैं। इतना ही नहीं इसमें माइक्रोफोन को म्यूट करने का भी बटन दिया गया है। यह स्मार्ट स्पीकर 360° IR blaster से संग आता है। इसका मतलब है कि आप स्मार्ट स्पीकर से किसी भी आईआर रिसिवर डिवाइस को कंट्रोल हुए हैं, फिर चाहे वह किसी भी दिशा में रखा हो। यह फीचर्स टीवी और एसी जैसे डिवाइसों को कंट्रोल करने या उन्हें ऑन/ऑफ करने की सुविधा देता है।

ZEB-Smart Bot को ऐसे कर सकेंगे इस्तेमाल

ZEB-Smart Bot डु्अल माइक और बिल्ट इन एलेक्सा के साथ आता है, जो एक वॉयस असिस्टेंट है। एलेक्सा को अमेजन ने तैयार किया है और अलग-अलग कंपनियां अमेजन के साथ साझेदारी करके एलेक्सा स्मार्ट स्पीकर लॉन्च करती हैं। ZEB-Smart Bot को उपयोग करने के लिए गूगल प्लेस्टोर से जेब होम या अमेजन एलेक्सा एप को डाउनलोड करना होगा। इसके बाद आप इसे अपने वाईफाई नेटवर्क से कनेक्ट कर सकते हैं।

ZEB-Smart Bot दूर से भी सुन सकेगा कमांड

जेब्रानिक्स का स्मार्ट स्पीकर दूर से भी यूजर्स की आवाज सुन सकता है। इसमें आप एफएम, समाचार, खाने की रेसिपी, बच्चों के लिए गाने और नर्सरी के गाने भी चला सकते हैं। इतना ही नहीं इसमें लता मंगेशकर और किशोर कुमार के गाने और लेटेस्ट गाने भी प्ले किए जा सकते हैं। इसमें एलेक्सा बोलकर टाइमर भी सेट या अलार्म भी सेट कर सकते हैं।

IR Blaster क्या होता है

IR ब्लास्टर की मदद से हम टीवी, AC, सेट टॉप बॉक्स, को नियंत्रित कर सकते हैं। दरअसल, आपने टीवी या सेट टॉप बॉक्स का रिमोट देखा होगा, जिसमें एक छोटा सा बल्ब लगा होता है, उसे ही आर ब्लास्टर (इंफ्रारेट) कहते हैं। यह फीचर शाओमी के फोन में दिया जाता है। इसकी मदद से हम उसे रिमोट की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं।